“15 दिन बंगाल में रहूंगा”, कोलकाता में अमित शाह की हुंकार, बोली TMC - हिम्मत है तो रिजल्ट के बाद तक रूके

अमित शाह ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोलते हुए दावा किया कि इस बार वह न सिर्फ पूरे राज्य में हारेंगी बल्कि उनके गढ़ भबानीपुर में भी सुवेंदु अधिकारी के हाथों पराजित होंगी।

Apr 2, 2026 - 18:02
“15 दिन बंगाल में रहूंगा”, कोलकाता में अमित शाह की हुंकार, बोली TMC - हिम्मत है तो रिजल्ट के बाद तक रूके

NEWS DESK : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की सरगर्मी के बीच केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने गुरुवार को दक्षिण कोलकाता के हाजरा चौराहे पर शक्ति प्रदर्शन करते हुए बड़ा राजनीतिक ऐलान किया। मंच से बोलते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान वह 15 दिनों तक पश्चिम बंगाल  में ही डेरा डालेंगे।

अमित शाह ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोलते हुए दावा किया कि इस बार वह न सिर्फ पूरे राज्य में हारेंगी बल्कि उनके गढ़ भबानीपुर में भी सुवेंदु अधिकारी के हाथों पराजित होंगी। इन बयानों के बाद तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता कुणाल घोष ने पलटवार किया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर हिम्मत है तो अमित शाह चुनाव नतीजों के बाद एक दिन बंगाल में रुककर दिखाएं। उन्होंने शाह को “असफल ज्योतिषी” बताते हुए यह भी कहा कि उनकी मौजूदगी भाजपा के लिए नुकसानदायक साबित होगी।

इससे पहले दिन में भबानीपुर सीट से नामांकन के दौरान सुवेंदु अधिकारी  के साथ अमित शाह भी मौजूद रहे। हाजरा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि सुवेंदु अधिकारी पहले भी नंदीग्राम में ममता बनर्जी को हरा चुके हैं और इस बार उनके गढ़ में भी जीत दर्ज कर सकते हैं।

अमित शाह ने दावा किया कि आगामी चुनाव में भाजपा 170 से अधिक सीटें जीतकर सरकार बनाएगी और राज्य में “परिवर्तन” लाएगी। उन्होंने भबानीपुर को अहम बताते हुए कहा कि अगर इस सीट पर जीत सुनिश्चित हो जाए तो बदलाव अपने आप तय हो जाएगा।

अपने संबोधन में उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया। अमित शाह ने कहा कि राज्य की सीमाओं को सील किया जाना चाहिए और अवैध घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें बाहर किया जाना जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राज्य में भाजपा सरकार बननी चाहिए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0