रामगढ़ पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, शिवशंकर ज्वेलर्स लूटकांड का किया खुलासा, गिरफ्त में 7 आरोपी, बिहार-झारखण्ड के कई जिलों में हुई छापेमारी

ये आरोपी आभूषणों को बिहार में खपाने की फिराक में थे। इसके बाद पलामू के पिपराटांड़ से अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी हुई।

Apr 24, 2026 - 17:03
रामगढ़ पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, शिवशंकर ज्वेलर्स लूटकांड का किया खुलासा, गिरफ्त में 7 आरोपी, बिहार-झारखण्ड के कई जिलों में हुई छापेमारी

Ramgarh : रामगढ़ के रजरप्पा थाना क्षेत्र के चितरपुर-रजरप्पा मोड़ स्थित शिव शंकर ज्वेलर्स में हुई डकैती का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। 21 अप्रैल को हुई इस डकैती कांड का पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के नेतृत्व में गठित एसआईटी (SIT) ने पर्दाफाश किया है और 7 आरोपियों को धर-दबोचा है। इन सभी आरोपियों के पास से भारी मात्रा में लूटे गए जेवरात, हथियार और घटना में इस्तेमाल वाहन बरामद किए गए हैं।

बिहार-झारखंड के कई जिलों में छापेमारी

गौरतलब है कि इस वारदात की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने एसडीपीओ चंदन वत्स के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई थी। टीम ने रामगढ़, लातेहार, पलामू और रांची सहित बिहार के नालंदा जिले में लगातार छापेमारी की। पुलिस को पहली बड़ी कामयाबी नालंदा के हरनौत में मिली, जहां एक एर्टिगा कार से मनीष कुमार, रीना देवी और चंद्रावती देवी को लूटे गए आभूषणों के साथ दबोचा गया।

ये आरोपी आभूषणों को बिहार में खपाने की फिराक में थे। इसके बाद पलामू के पिपराटांड़ से अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी हुई। पुलिस ने अपराधियों के पास से एक पिस्टल (मैगजीन सहित), तीन जिंदा कारतूस, एक एर्टिगा कार, एक अपाची मोटरसाइकिल, एक होंडा शाइन और एक स्कूटी बरामद की है।

इसके अलावा सोने की दर्जनों अंगूठियां, बजरंग बली और दुर्गा मां के लॉकेट, झुमके, चांदी के बर्तन और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में अरबाज अंसारी और नसरूल्ला अंसारी भी शामिल हैं, जिनके पास से घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद हुए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में सुभानी अंसारी उर्फ ललका (मांडू निवासी) शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ जमशेदपुर, मांडू, रजरप्पा, और पेटरवार थानों में आर्म्स एक्ट, डकैती और एनडीपीएस एक्ट के करीब 15 मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में जुटी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0