घुघरीताड़ में सिंदूर खेला से सराबोर हुआ बजरंग क्लब, एक दिन बाद होगी मां दुर्गा की विदाई
महिलाओं ने मां को सिंदूर अर्पित कर खेली सिंदूर की होली, अखंड सौभाग्य और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना
गयाजी। बाईपास घुघरीताड़ स्थित बजरंग क्लब में शारदीय नवरात्र के अवसर पर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ की गई। पूजा पंडाल में क्लब के सदस्यों के साथ स्थानीय श्रद्धालुओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान पारंपरिक सिंदूर खेला का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मां दुर्गा की विदाई अगले दिन विधि-विधान से की जाएगी। मां की आरती के बाद महिलाओं ने माता को सिंदूर अर्पित किया और एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर सिंदूर की होली खेली। देखते ही देखते पूरा पूजा पंडाल सिंदूरमय हो गया। इस दौरान महिलाओं ने मां दुर्गा से अपने परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और अखंड सौभाग्य की कामना की। पूरे आयोजन में भक्ति, उल्लास और पारंपरिक आस्था की झलक देखने को मिली। सिंदूर खेला आस्था और परंपरा का प्रतीक कार्यक्रम में वार्ड संख्या 45 की पूर्व पार्षद सह समाजसेवी स्वीटी कुमारी ने कहा कि सिंदूर खेला महिलाओं के बीच आस्था, प्रेम और सौहार्द का प्रतीक है। यह बंगाली परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान है, जिसमें महिलाएं मां दुर्गा को सिंदूर अर्पित करने के बाद एक-दूसरे को सिंदूर लगाती हैं। यह रस्म मां दुर्गा की विदाई से जुड़ी है और वैवाहिक जीवन की सुख-समृद्धि तथा अखंड सौभाग्य की कामना का संदेश देती है। खोईंछा देकर होगी मां की भावभीनी विदाई सिंदूर खेला के बाद अगले दिन मां दुर्गा को विधि-विधान से खोईंछा देकर भावभीनी विदाई दी जाएगी। इस दौरान श्रद्धालु मां से अगले वर्ष फिर आने की प्रार्थना करेंगे। मां की विदाई को लेकर श्रद्धालुओं में जहां भक्ति और भावुकता का माहौल रहेगा, वहीं अगले वर्ष मां के पुनः आगमन की प्रतीक्षा भी रहेगी। इस मौके पर आयोजन समिति के अध्यक्ष धर्मेंद्र मालाकार, उपाध्यक्ष गौरव सिन्हा, उदय चौधरी, अनिल दांगी, कोषाध्यक्ष आनंद यादव सहित क्लब के अन्य सदस्य और स्थानीय श्रद्धालु मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0





