झारखण्ड में पूर्व बीजेपी विधायक का हार्ट अटैक से निधन, सियासी गलियारे में शोक की लहर, गुरुवार को होगा अंतिम संस्कार

Jun 3, 2026 - 17:14
झारखण्ड में पूर्व बीजेपी विधायक का हार्ट अटैक से निधन, सियासी गलियारे में शोक की लहर, गुरुवार को होगा अंतिम संस्कार

Pakur : झारखंड की राजनीति से एक दुखद खबर सामने आ रही है। पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व भाजपा विधायक बेनी प्रसाद गुप्ता का बुधवार को हार्ट अटैक से निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई है।

रांची से लौटने के बाद बिगड़ी तबीयत

जानकारी के मुताबिक बेनी प्रसाद गुप्ता पिछले तीन दिनों से रांची में थे। बुधवार सुबह वह रांची-भागलपुर वनांचल एक्सप्रेस ट्रेन से पाकुड़ रेलवे स्टेशन पहुंचे। भाजपा नेता एवं बरहरवा नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष श्यामल दास ने बताया कि घर पहुंचने के कुछ ही समय बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। 

स्थिति गंभीर होने पर उनके निजी सहायक उन्हें तत्काल पाकुड़ सदर अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। 

दो बार रहे थे पाकुड़ के विधायक

बेनी प्रसाद गुप्ता भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते थे. उन्होंने वर्ष 1990 और 1995 में भाजपा के टिकट पर पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था. उस समय झारखंड राज्य का गठन नहीं हुआ था और पाकुड़ अविभाजित बिहार का हिस्सा था. विधायक के रूप में उन्होंने क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाई थी.

राजनीतिक जीवन के साथ-साथ बेनी प्रसाद गुप्ता अपने मिलनसार और सहज स्वभाव के लिए भी जाने जाते थे. क्षेत्र के लोग उन्हें बेहद सम्मान की दृष्टि से देखते थे. उनके करीबी बताते हैं कि वह हमेशा आम लोगों के बीच रहते थे और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते थे. इसी कारण उन्हें पाकुड़ की राजनीति में एक लोकप्रिय जननेता माना जाता था.

गुरुवार को होगा अंतिम संस्कार

परिजनों और समर्थकों के अनुसार गुरुवार को धुलियान गंगा घाट पर पूरे विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा. अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों के शामिल होने की संभावना है. उनके निधन से पाकुड़ की राजनीति में एक ऐसा खालीपन पैदा हुआ है, जिसे लंबे समय तक महसूस किया जाएगा.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0