बिहार में अंतिम सक्षमता परीक्षा का परिणाम जारी, 2.71 लाख शिक्षक हुए पास

Jul 21, 2026 - 19:47
बिहार में अंतिम सक्षमता परीक्षा का परिणाम जारी, 2.71 लाख शिक्षक हुए पास

PATNA : बिहार में स्थानीय निकाय के शिक्षकों को राज्यकर्मी का दर्जा देने की प्रक्रिया का अंतिम चरण भी पूरा हो गया है. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति यानी बीएसईबी ने आज मंगलवार को पांचवीं एवं अंतिम सक्षमता परीक्षा 2026 का परिणाम जारी कर दिया. इसके साथ ही आयोजित पांचों सक्षमता परीक्षाओं में कुल 271133 शिक्षक अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं. सफल अभ्यर्थियों को अब शिक्षा विभाग की ओर से काउंसिलिंग के लिए अलग से सूचना दी जाएगी.

पांचवीं सक्षमता परीक्षा में 30% सफल

बीएसईबी अध्यक्ष डॉ. त्यागराजन एसएम ने बताया कि पांचवीं सक्षमता परीक्षा का आयोजन 5 जून से 8 जून 2026 तक कंप्यूटर आधारित परीक्षा के माध्यम से किया गया था. इसमें 14512 शिक्षक अभ्यर्थी शामिल हुए. इनमें 6559 पुरुष और 7953 महिला अभ्यर्थी थे. परीक्षा में 1870 पुरुष और 2483 महिला, यानी कुल 4353 शिक्षक सफल हुए. इस परीक्षा का कुल सफलता प्रतिशत 30 प्रतिशत रहा.

वर्गवार ऐसा रहा परिणाम

घोषित नतीजों के अनुसार कक्षा 1 से 5 वर्ग में सबसे अधिक 13235 अभ्यर्थी शामिल हुए, जिनमें 3868 यानी 29.23 प्रतिशत सफल रहे. कक्षा 6 से 8 में 781 अभ्यर्थियों में से 313 यानी 40.08 प्रतिशत सफल हुए. कक्षा 9 से 10 में 367 अभ्यर्थियों में से 122 यानी 33.24 प्रतिशत ने परीक्षा पास की. वहीं कक्षा 11 से 12 में 129 अभ्यर्थियों में से 50 यानी 38.76 प्रतिशत अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए.

150 प्रश्नों की हुई थी ऑनलाइन परीक्षा

पांचवीं सक्षमता परीक्षा में कुल 150 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे गए थे. इनमें भाषा के 30 प्रश्न, सामान्य अध्ययन के 40 प्रश्न तथा संबंधित विषय के 80 प्रश्न शामिल थे. परीक्षा की अवधि 2 घंटे 30 मिनट निर्धारित थी. प्रश्न पत्र का निर्माण राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद, पटना द्वारा किया गया था.

किन शिक्षकों को मिला था मौका?

इस परीक्षा में वैसे शिक्षक शामिल हुए थे जो पहली, दूसरी, तीसरी और चौथी सक्षमता परीक्षा में शामिल नहीं हो सके थे या असफल रहे थे. इसके अलावा ऐसे शिक्षक भी परीक्षा में शामिल हुए जिनका पूर्व में आवेदन किसी प्रशासनिक कारण से अनुमोदित नहीं हो पाया था.

सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देश के अनुसार सामान्य वर्ग के लिए 40 प्रतिशत, पिछड़ा वर्ग के लिए 36.5 प्रतिशत, अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए 34 प्रतिशत, अनुसूचित जाति एवं जनजाति, दिव्यांग और महिला अभ्यर्थियों के लिए 32 प्रतिशत अंक न्यूनतम उत्तीर्णांक निर्धारित किए गए थे. निर्धारित कटऑफ प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है.

पांचों चरण की प्रक्रिया पूरी

बिहार सरकार ने स्थानीय निकाय के शिक्षकों को राज्यकर्मी का दर्जा देने के लिए कुल पांच सक्षमता परीक्षाएं आयोजित करने का निर्णय लिया था. पांचवीं परीक्षा का परिणाम जारी होने के साथ ही यह पूरी प्रक्रिया समाप्त हो गई है. बीएसईबी के अनुसार अब तक आयोजित सभी पांच परीक्षाओं में कुल 271133 शिक्षक अभ्यर्थी सफल हुए हैं. यह परीक्षा सभी नियोजित शिक्षकों के लिए अनिवार्य था. ऐसे में जो नियोजित शिक्षक अब तक असफल रहे हैं उनके संबंध में शिक्षा विभाग विचार करेगा.

अब होगी काउंसिलिंग

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने स्पष्ट किया है कि जारी किया गया परिणाम प्रोविजनल है. परिणाम जारी होने के बाद शिक्षा विभाग सफल अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग कराएगा. इसके लिए सभी सफल शिक्षकों को अलग से सूचना भेजी जाएगी. काउंसिलिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद राज्यकर्मी का दर्जा देने की आगे की कार्रवाई की जाएगी.

क्या बोले शिक्षा मंत्री?

वहीं शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बताया कि आज ही रिजल्ट आया है और इस पर तुरंत कुछ नहीं बता सकते लेकिन उनकी कोशिश होगी कि किसी की नौकरी न जाए. संभव हुआ तो बचे हुए शिक्षकों के लिए एक और मौका देने पर भी विचार किया जा सकता है. वह इस रिजल्ट को बारीकी से देखने और सब कुछ जांच विचार करने के बाद ही आगे निर्णय लेंगे.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0