Weather alert Bihar : बिहार के इन जिलों में तूफान-वज्रपात का अलर्ट, तेज आंधी-बारिश के बीच जानिए कब देगा मॉनसून दस्तक
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के 16 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
Weather alert Bihar : बिहार में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राज्य में प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने से कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग ने 16 और 17 मई के लिए पूरे बिहार में अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
बिहार के इन जिलों में तूफान-वज्रपात का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के 16 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। तेज तूफान के कारण पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है।
ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, अरवल, औरंगाबाद, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, बांका और जमुई शामिल हैं।
इसके अलावा राज्य के बाकी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवा और वज्रपात की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी आने की वजह से बिहार में प्री-मानसून गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं और इसका असर अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है।
बारिश और बादलों की वजह से लोगों को गर्मी और लू से कुछ राहत मिल सकती है लेकिन उमस बढ़ने की संभावना भी है। भभुआ राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जानिए कब देगा मॉनसून दस्तक
मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि इस बार बिहार में मानसून सामान्य से पहले दस्तक दे सकता है। आमतौर पर मानसून 12 से 15 जून के बीच बिहार पहुंचता है, लेकिन इस बार इसके 8 से 10 जून तक आने की संभावना जताई जा रही है।
विभाग ने लोगों और किसानों के लिए एडवाइजरी भी जारी की है। खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है। किसानों से कहा गया है कि मौसम बिगड़ते ही खेतों से सुरक्षित स्थान पर लौट जाएं और कटी हुई फसलों को तिरपाल से ढककर सुरक्षित रखें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











