BREAKING : BPSC TRE 4 के लिए नोटिफिकेशन जारी, 32,388 पदों पर शिक्षकों की होगी बहाली
PATNA : बिहार में शिक्षक बनने का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है. बिहार लोक सेवा आयोग ने लंबे इंतजार के बाद चौथे चरण की शिक्षक भर्ती यानी TRE-4 का विज्ञापन जारी कर दिया है. इस भर्ती प्रक्रिया के तहत राज्य में प्राथमिक से लेकर उच्च माध्यमिक स्तर तक शिक्षकों के कुल 32388 पदों पर नियुक्ति की जाएगी.
एक महीने तक कर सकेंगे आवेदन
भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 1 सितंबर 2026 से शुरू होकर 30 सितंबर 2026 तक चलेगी. अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले निर्धारित आवेदन शुल्क जमा करना होगा. शुल्क जमा करने की प्रक्रिया भी 1 सितंबर से शुरू होकर 29 सितंबर 2026 तक चलेगी.
TRE-4 का विज्ञापन जारी होने के साथ ही लंबे समय से भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है. अब अभ्यर्थी निर्धारित तारीख के भीतर आवेदन कर सकेंगे और आयोग की ओर से जारी विस्तृत दिशा-निर्देश के अनुसार अपनी तैयारी आगे बढ़ा सकेंगे. हालांकि अभी इस नोटिफिकेशन में परीक्षा की तिथि की घोषणा नहीं की गई है.
32388 पदों पर होगी नियुक्ति
शिक्षा विभाग की ओर से भेजी गई अधियाचना के आधार पर TRE-4 में कुल 32388 शिक्षक पद शामिल किए गए हैं. इसमें प्राथमिक से लेकर उच्च माध्यमिक स्तर तक के पद हैं. कक्षा के अनुसार देखें तो सबसे अधिक पद 11वीं और 12वीं के लिए हैं. कुल रिक्तियों में करीब आधे पद उच्च माध्यमिक यानी कक्षा 11वीं-12वीं के शिक्षकों के हैं. इसके बाद कक्षा 6 से 8 के लिए 8563, कक्षा 9 से 10 के लिए 3877 और कक्षा 1 से 5 के लिए 3847 पद हैं.
कक्षा 1 से 5: 3847 पद
कक्षा 6 से 8: 8563 पद
कक्षा 9 से 10: 3877 पद
कक्षा 11 से 12: 16101 पद
1 सितंबर से शुरू होगा आवेदन
अभ्यर्थी 30 सितंबर 2026 तक आयोग के आधिकारिक वेबसाइट www.bpsc.nic.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. हालांकि आवेदन करने से पहले निर्धारित शुल्क जमा करना अनिवार्य होगा. आवेदन शुल्क जमा करने की प्रक्रिया 1 सितंबर से 29 सितंबर 2026 तक चलेगी.
आयोग के परीक्षा नियंत्रक की ओर से अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन की अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय रहते शुल्क जमा कर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें. आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को अपनी शैक्षणिक योग्यता, संबंधित विषय, श्रेणी और अन्य जरूरी जानकारी सावधानीपूर्वक भरनी होगी.
STET 2026 में शामिल अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत
TRE-4 के विज्ञापन में सबसे महत्वपूर्ण अपडेट माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए है. STET 2026 में अपीयर होने वाले अभ्यर्थी भी TRE-4 के लिए आवेदन कर सकेंगे. यानी जिन अभ्यर्थियों ने वर्तमान STET 2026 परीक्षा के लिए आवेदन किया है और उसमें शामिल होने जा रहे हैं, उन्हें शिक्षक भर्ती के इस चरण से बाहर नहीं किया जाएगा.
उत्तीर्णता प्रमाणपत्र अपलोड करना होगा
हालांकि इसके लिए एक महत्वपूर्ण शर्त रखी गई है. STET 2026 में अपीयरिंग अभ्यर्थी TRE-4 का फॉर्म तो भर सकेंगे, लेकिन आगे की प्रक्रिया में उन्हें STET का उत्तीर्णता प्रमाणपत्र अपलोड करना होगा. यानी STET परीक्षा में सफल होना जरूरी होगा. STET का प्रमाणपत्र उपलब्ध होने के बाद अभ्यर्थी को उसे आयोग की निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपलोड करना होगा. इसके बाद ही TRE-4 परीक्षा के लिए उनका एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा.
इसका मतलब साफ है कि STET 2026 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को TRE-4 के आवेदन का अवसर तो मिल रहा है, लेकिन माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शिक्षक पदों के लिए उनकी पात्रता STET में सफल होने पर ही पूरी मानी जाएगी. हालांकि इस वैकेंसी में परीक्षा की तिथि घोषित नहीं किए जाने के पीछे STET 2026 की परीक्षा एक बड़ा कारण माना जा रहा है. इस परीक्षा में उत्तर होने के बाद ही अपीयरिंग वाले चौथे चरण की शिक्षक बहाली में बैठ सकते हैं. उम्मीद जताई जा रही है कि STET 2026 का परिणाम आने के बाद TRE-4 परीक्षा की घोषणा की जाएगी.
अभ्यर्थियों का खत्म हुआ लंबा इंतजार
TRE-4 के विज्ञापन का अभ्यर्थी लंबे समय से इंतजार कर रहे थे. उन युवाओं के लिए यह बड़ी राहत है, जो पिछले लंबे समय से शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे थे. विषयवार और श्रेणीवार पदों की विस्तृत जानकारी आयोग के विज्ञापन में दी गई है. अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले अपने विषय और शैक्षणिक योग्यता के अनुसार पद की पात्रता जरूर जांचनी होगी.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







