गुमला में SIR प्रक्रिया का CEO के. रवि कुमार ने किया निरीक्षण, जनजातीय मतदाताओं को दस्तावेज सत्यापन में सहयोग का निर्देश
गुमला: झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने शुक्रवार को गुमला जिले के सिसई, गुमला और बिशुनपुर विधानसभा क्षेत्रों में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत चल रही दावा-आपत्ति और सुनवाई प्रक्रिया का निरीक्षण किया।
गुमला: झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने शुक्रवार को गुमला जिले के सिसई, गुमला और बिशुनपुर विधानसभा क्षेत्रों में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत चल रही दावा-आपत्ति और सुनवाई प्रक्रिया का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने मतदाताओं को दस्तावेज सत्यापन के लिए भेजे जा रहे नोटिस, सुनवाई के दौरान जमा किए जाने वाले दस्तावेजों और निर्वाचन निबंधन पदाधिकारियों द्वारा किए जा रहे सत्यापन की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने यह भी देखा कि मतदाताओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं या नहीं।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग ने SIR की प्रक्रिया को ‘जीरो एरर’ के लक्ष्य के अनुरूप तैयार किया है। इसमें प्रत्येक स्तर पर अधिकारियों के सत्यापन और जवाबदेही की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि SIR के तहत तैयार किए जा रहे दस्तावेजों को भविष्य के लिए संरक्षित रखा जाना है, इसलिए मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित तैयार करना आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान के. रवि कुमार ने विभिन्न क्षेत्रों में जनजातीय समूह के मतदाताओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने कहा कि जनजातीय मतदाताओं के दस्तावेजों से संबंधित कई विवरण विभिन्न सरकारी कार्यालयों और विभागों के अभिलेखों में उपलब्ध हैं। ऐसे सरकारी अभिलेखों का नियमानुसार उपयोग कर दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया को आसान बनाया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनजातीय समूह के मतदाताओं के साथ-साथ सभी पात्र भारतीय नागरिकों को सुनवाई के दौरान आवश्यक सहयोग दिया जाए। मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेज, सत्यापन की प्रक्रिया और निर्धारित प्रपत्रों के बारे में स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सुनवाई केंद्रों पर टोकन सिस्टम को सुविधाजनक तरीके से लागू करने का भी निर्देश दिया, ताकि अनावश्यक भीड़ न हो और प्रत्येक मतदाता को अपना पक्ष रखने का पर्याप्त अवसर मिल सके।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मतदाताओं द्वारा प्राप्त दावों और आपत्तियों का भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समयबद्ध और निष्पक्ष तरीके से निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
के. रवि कुमार ने कहा कि SIR का मुख्य उद्देश्य शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना है। इसके लिए क्षेत्र स्तर के सभी अधिकारी मतदाताओं के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखें और विशेष रूप से दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों में रहने वाले मतदाताओं को आवश्यक जानकारी और सहायता उपलब्ध कराएं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

