मेला क्षेत्र में सफाई का अभियान तेज, स्वच्छता के साथ ब्लीचिंग का छिड़काव

विष्णुपद देवघाट से लेकर सूर्यकुंड, अक्षयवट और रामशिला तक लगातार सफाई; यात्रियों ने व्यवस्था को बताया बेहतर

Sep 30, 2026 - 19:05
मेला क्षेत्र में सफाई का अभियान तेज, स्वच्छता के साथ ब्लीचिंग का छिड़काव

गयाजी। विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेले में देश-विदेश से आने वाले पिंडदानियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए गया नगर निगम की ओर से मेला क्षेत्र में लगातार साफ-सफाई अभियान चलाया जा रहा है। विष्णुपद देवघाट, नई सड़क, तहसील, सूर्यकुंड, अक्षयवट, चांदचौरा, नवागढ़ी और रामशिला समेत विभिन्न क्षेत्रों में सफाईकर्मी लगातार काम कर रहे हैं। सफाई के तुरंत बाद संबंधित स्थानों पर ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी किया जा रहा है। मेला क्षेत्र में नियमित सफाई होने से कई स्थानों पर गंदगी का असर कम दिखाई दे रहा है। नगर निगम की टीम श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले प्रमुख स्थानों पर विशेष निगरानी रख रही है। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से आए यात्री राजेश ने कहा कि मेला क्षेत्र में सफाई व्यवस्था काफी अच्छी है। उन्होंने कहा, “हम देख रहे हैं कि लगातार सफाई की जा रही है। मेला क्षेत्र में कहीं भी गंदगी नजर नहीं आती। यह अच्छी पहल है और सफाई व्यवस्था इसी तरह लगातार जारी रहनी चाहिए।” छत्तीसगढ़ से आए यात्री राधेश्याम ने भी नगर निगम की व्यवस्था की सराहना की। उन्होंने कहा कि जहां भी वे जा रहे हैं, वहां साफ-सफाई दिखाई दे रही है। उन्होंने मेला क्षेत्र को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए नगर निगम के प्रयासों की सराहना करते हुए कर्मियों को धन्यवाद दिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0