बेटे ने घर से निकाला तो 3 महीने से सड़क किनारे रह रही बुजुर्ग मां, मंत्री ने लिया संज्ञान

पटना सिटी के खाजेकलां थाना क्षेत्र से मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। करीब तीन महीने से एक बुजुर्ग महिला सड़क किनारे खुले आसमान के नीचे जिंदगी गुजारने को मजबूर है। महिला का आरोप है कि उसके बेटे ने उसे घर से बाहर निकाल दिया, जिसके बाद से उसके रहने और खाने की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं है।

Oct 2, 2026 - 10:30

बुजुर्ग महिला की पहचान शांति देवी, पति स्वर्गीय रामचंद्र प्रसाद, निवासी टिकिया टोली के रूप में बताई गई है। शांति देवी के मुताबिक, बुढ़ापे में जिस बेटे से उन्हें सहारे की उम्मीद थी, उसी ने उन्हें घर से निकाल दिया। उनके पोता-पोती भी हैं, लेकिन इसके बावजूद वह सड़क किनारे रहने को मजबूर हैं।

खाजेकलां थाना के पास मोची का काम करने वाले इंद्रजीत दास ने बताया कि वह पिछले करीब तीन महीने से शांति देवी को सड़क किनारे रहकर दिन-रात गुजारते देख रहे हैं। अपनी क्षमता के अनुसार वह उनके लिए खाने-पीने की सामग्री उपलब्ध कराते हैं। आसपास के कुछ लोग भी समय-समय पर बुजुर्ग महिला की मदद करते हैं।

वृद्धजन दिवस पर मंत्री ने लिया संज्ञान

1 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के मौके पर पटना सिटी स्थित अपना घर वृद्ध आश्रम में समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने बुजुर्गों के सम्मान और देखभाल की जरूरत पर जोर दिया।

कार्यक्रम में पत्रकारों ने मंत्री को खाजेकलां थाना के पास सड़क किनारे रह रही शांति देवी की स्थिति की जानकारी दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने तत्काल संज्ञान लिया और संबंधित अधिकारियों को बुजुर्ग महिला की मदद के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देने की बात कही।

मंत्री ने भरोसा दिया कि महिला को समाज कल्याण विभाग की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही यदि मामले में किसी की जिम्मेदारी या लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

शांति देवी की स्थिति ने बुजुर्ग माता-पिता की सुरक्षा और सम्मान को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। अब प्रशासनिक पहल के बाद यह देखना होगा कि उन्हें सुरक्षित आश्रय, भोजन और स्थायी सहायता कब मिलती है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0