पटना के टॉप-10 अपराधियों में शामिल संतोष डॉन पर EOU का बड़ा एक्शन, दर्जनभर ठिकानों पर छापेमारी
PATNA : आर्थिक अपराध इकाई (Economic Offences Unit) यानी ईओयू की टीम (EOU Team) ने राजधानी पटना के खुसरूपुर प्रखंड के सुकरबेग चक पंचायत के पैक्स अध्यक्ष और खुसरूपुर प्रखंड प्रमुख अंजू देवी के पति कुख्यात और पटना के टॉप 10 अपराधियों में शुमार संजय कुमार उर्फ संतोष डॉन के पटना और नालंदा जिले के दर्जन भर से अधिक ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है.
ईओयू टीम ने खुसरूपुर के पचरुखिया, जगमाल बीघा, सुकरबेग चक, मुस्तफापुर और चौड़ा स्थित संजय कुमार उर्फ संतोष डॉन के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर घरों की सघन तलाशी ली है. टीम के सदस्यों ने तलाशी के दौरान इन घरों से कई महत्वपूर्ण कागजात भी बरामद किए हैं.
अवैध संपत्ति और पैक्स की राशि गबन के आरोप
बता दें कि 25 हजार रुपये के इनामी कुख्यात और भू-माफिया संजय कुमार उर्फ संतोष डॉन पर अवैध रूप से अकूत संपत्ति अर्जित किए जाने का आरोप है. फरार आरोपी पर पैक्स अध्यक्ष के पद पर रहते हुए पैक्स की राशि गबन किए जाने का भी आरोप है. फरार आरोपी संजय कुमार उर्फ संतोष डॉन मूल रूप से नालंदा जिले के बिहार शरीफ के रहुई थाना क्षेत्र के खिदरचक गांव का निवासी बताया जाता है.
ईओयू अधिकारी कैमरे के सामने बोलने से इंकार
पूरे मामले पर पूछे जाने पर मौके पर मौजूद आर्थिक अपराध इकाई के अधिकारियों ने वरीय आलाधिकारियों का हवाला देकर इस संबंध में कैमरे के सामने कुछ भी बोलने से सीधे तौर पर इंकार कर दिया है. वहीं, आर्थिक अपराध इकाई की खुसरूपुर में अचानक हुई इस छापेमारी से इलाके में हड़कंप मच गया है.
बता दें कि इन दिनों बिहार में भ्रष्टाचार करने वालों पर सरकार की नीति सख्त है और ऐसे तत्वों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है जिन्होंने भ्रष्टाचार करके आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











