बाढ़ के बीच वायु सेना का साहसिक अभियान, छत पर फंसे 12 नागरिकों को सुरक्षित बचाया

गरुड़ कमांडो ने कमजोर झोपड़ी की छत पर उतरकर की मदद, मंडराते हेलीकॉप्टर से विन्च कर निकाले गए महिलाएं और बच्चे

Sep 27, 2026 - 19:26
बाढ़ के बीच वायु सेना का साहसिक अभियान, छत पर फंसे 12 नागरिकों को सुरक्षित बचाया

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में बाढ़ के बीच भारतीय वायु सेना ने रविवार को साहसिक बचाव अभियान चलाकर इंद्रावती नदी के उत्तरी तट पर डोंगाघाट गांव के निकट फंसे 12 नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला। बचाए गए लोगों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, डोंगाघाट गांव के पास कच्ची झोपड़ियों में 10 से 12 नागरिकों के बाढ़ में फंसे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद भारतीय वायु सेना की मध्य वायु कमान के एक दल ने उनकी तलाश और बचाव के लिए उड़ान भरी। क्षेत्र की गहन तलाशी के दौरान नागरिक एक कच्ची झोपड़ी की छत पर दिखाई दिए। तेज बहाव के कारण झोपड़ी के कभी भी ढहने का खतरा बना हुआ था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सीमित समय में बचाव अभियान शुरू किया गया। वायु सेना के गरुड़ कमांडो को कमजोर छत पर उतारा गया, जिसने फंसे नागरिकों को सुरक्षित निकालने में सहायता की। इसके बाद मंडराते हेलीकॉप्टर में विन्च की सहायता से सभी 12 नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। भारतीय वायु सेना के इस साहसिक और त्वरित बचाव अभियान से बाढ़ में फंसे नागरिकों की जान बचाई जा सकी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0