भारत की ऐतिहासिक जीत, अफगानिस्तान को पारी और 300 रन से रौंदा, मानव सुथार बने जीत के हीरो

Jun 8, 2026 - 16:43
भारत की ऐतिहासिक जीत, अफगानिस्तान को पारी और 300 रन से रौंदा, मानव सुथार बने जीत के हीरो

SPORTS DESK : भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए पारी और 300 रन से ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादवेन्द्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले का नतीजा तीसरे दिन ही निकल गया।

कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और भारतीय बल्लेबाजों ने उसे पूरी तरह सही साबित किया। टीम इंडिया ने पहली पारी में 8 विकेट पर 564 रन बनाकर पारी घोषित की। कप्तान शुभमन गिल ने 126 रन, केएल राहुल ने 100 रन, ऋषभ पंत ने 81 रन और वॉशिंगटन सुंदर ने नाबाद 52 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं।

विशाल लक्ष्य के दबाव में अफगानिस्तान की पहली पारी 152 रन पर सिमट गई। इसके बाद भारत ने फॉलोऑन दिया, लेकिन दूसरी पारी में भी अफगान बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सके और पूरी टीम 112 रन पर ऑलआउट हो गई।

दूसरी पारी में वॉशिंगटन सुंदर ने 4 विकेट लेकर अफगानिस्तान की कमर तोड़ दी। कुलदीप यादव ने 3 विकेट हासिल किए, जबकि मोहम्मद सिराज और मानव सुथार को एक-एक सफलता मिली। हालांकि इस जीत के सबसे बड़े नायक डेब्यू टेस्ट खेल रहे मानव सुथार रहे। युवा स्पिनर ने पहली पारी में 6 विकेट झटककर इतिहास रचा और दोनों पारियों को मिलाकर कुल 7 विकेट अपने नाम किए। उनकी घातक गेंदबाजी के सामने अफगानिस्तान के बल्लेबाज पूरी तरह संघर्ष करते नजर आए।

अफगानिस्तान की दूसरी पारी में सादिकुल्लाह अटल ने 42 रन और रहमानुल्लाह गुरबाज ने 24 रन बनाए। रहमत शाह 13 रन तक पहुंचे, लेकिन इनके अलावा सात बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। इस जीत के साथ भारत ने न सिर्फ सीरीज अपने नाम की, बल्कि बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में अपना दबदबा भी साबित कर दिया। मानव सुथार को प्लेयर ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया। 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0