झारखंड में 7,299 सहायक आचार्यों की भर्ती, JSSC ने जारी किया नोटिफिकेशन; 31 जुलाई से शुरू होंगे आवेदन
RANCHI : झारखंड में सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने राज्य के माध्यमिक विद्यालयों के लिए 7,299 सहायक आचार्य (पारा शिक्षक कोटा) के पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी है.
इस तारीख तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे
आयोग ने झारखंड प्रशिक्षित सहायक आचार्य (पारा कोटा) संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2026 का विज्ञापन जारी करते हुए पात्र अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं. आयोग के अनुसार, इच्छुक अभ्यर्थी 31 जुलाई 2026 से 30 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे.
आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपना आवेदन जमा कर सकेंगे. भर्ती प्रक्रिया के तहत राज्यभर के सरकारी माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत योग्य पारा शिक्षकों को सहायक आचार्य के पद पर नियुक्ति का अवसर मिलेगा.
इन पदों पर नियुक्तियां
जारी विज्ञापन के अनुसार सबसे अधिक इंटर प्रशिक्षित सहायक आचार्य के 1,909 नियमित और 847 बैकलॉग, यानी कुल 2,756 पद हैं. वहीं, स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य (भाषा) के 1,868 नियमित और 19 बैकलॉग, कुल 1,887 पद निर्धारित किए गए हैं.
इसके अलावा स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य (सामाजिक विज्ञान) के 660 नियमित और 248 बैकलॉग, कुल 908 पद, जबकि स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य (विज्ञान एवं गणित) के 1,664 नियमित और 84 बैकलॉग, कुल 1,748 पद पर नियुक्तियां की जाएंगी. इन सभी श्रेणियों को मिलाकर कुल 7,299 रिक्त पदों पर बहाली होगी.
अभ्यर्थियों के लिए जारी की गई सलाह
आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले जारी विज्ञापन, शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, आरक्षण, आयु सीमा और अन्य शर्तों का सावधानीपूर्वक अध्ययन कर लें. आवेदन में किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचने के लिए सभी दस्तावेजों को निर्धारित प्रारूप में अपलोड करने की भी अपील की गई है.
राज्य में लंबे समय से पारा शिक्षकों की नियमित नियुक्ति की मांग उठती रही है. ऐसे में इस भर्ती प्रक्रिया को हजारों पारा शिक्षकों के लिए महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है. अब अभ्यर्थियों की नजर आवेदन प्रक्रिया शुरू होने और परीक्षा की आगामी तिथियों पर टिकी हुई है. आयोग द्वारा विस्तृत परीक्षा कार्यक्रम और अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश समय-समय पर अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











