झारखंड के इन जिलों में 30 जून और 1 जुलाई को होगी झमाझम बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट 

Jun 28, 2026 - 16:02
झारखंड के इन जिलों में 30 जून और 1 जुलाई को होगी झमाझम बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट 

NEWS DESK : मॉनसून के धीरे-धीरे सक्रिय होने और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण झारखंड में 28 से तीन जलाई तक बादल छाये रहने, गर्जन, वज्रपात और तेज हवा के साथ बारिश की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार 28 जून को राज्य में सामान्य तौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे. वहीं, कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.  

मौसम विज्ञान केंद्र ने 30 जून और एक जुलाई को राज्य के कई जिलों में वज्रपात के साथ भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. 30 जून को बोकारो, गिरिडीह, देवघर, धनबाद, जामताड़ा, पाकुड़, दुमका, साहिबगंज और गोड्डा में भारी बारिश हो सकती है. वहीं अन्य जिलों में बादल छाये रहने, मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवा के साथ कहीं कहीं बारिश की संभावना है. 

1 जुलाई को रांची सहित खूंटी, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसांवा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज में 60 से 100 मिमी तक बारिश हो सकती है. मौसम विज्ञान केंद्र ने इन इलाकों में येलो से ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. 

कहीं लू तो कहीं बारिश

शनिवार को पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में लू की स्थिति बनी रही, जबकि अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई. रामगढ़ में सबसे अधिक 10 मिमी बारिश दर्ज की गई. रांची, हजारीबाग, बोकारो और देवघर में एक-एक मिमी बारिश हुई. मेदिनीनगर में अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि रांची में 34.2, जमशेदपुर में 37.6 और बोकारो में 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. 

27 दिन बीते, अब भी 62% कम बारिश 

राज्य में 27 दिन में सामान्य से 62 प्रतिशत कम बारिश हुई है. वैज्ञानिकों के अनुसार इस बार अलनीनो का असर मॉनसून पर पड़ा है. एक जून से 27 जून तक सामान्य तौर पर 160.2 मिमी बारिश होती है, लेकिन अब तक केवल 61.2 मिमी बारिश हुई है. रांची में सामान्य बारिश 168.6 मिमी है, जबकि अब तक 125.7 मिमी ही दर्ज हुई है. यानी यहां 25 प्रतिशत कम बारिश हुई है. 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0