झारखंड में फिर सक्रिय हुआ मानसून, 3 दिन तक बारिश, वज्रपात और तेज हवा का अलर्ट, कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

Jul 14, 2026 - 18:23
झारखंड में फिर सक्रिय हुआ मानसून, 3 दिन तक बारिश, वज्रपात और तेज हवा का अलर्ट, कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

RANCHI : झारखंड में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ता नजर आ रहा है. मौसम केंद्र ने आज यानी 14 जुलाई को राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है. कुछ जिलों में भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है. अगले दो दिनों तक भी मौसम का यही मिजाज बने रहने का अनुमान है.

आज इन जिलों में रहेगा सबसे ज्यादा असर

14 जुलाई को राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघ गर्जन और वज्रपात हो सकता है. मौसम विभाग ने 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी चेतावनी दी है. देवघर, जामताड़ा और गिरिडीह में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है. वहीं बोकारो, धनबाद और दक्षिण-पूर्वी झारखंड के कुछ इलाकों में भी अच्छी बारिश हो सकती है.

15 जुलाई को भी जारी रहेगा बारिश का दौर

15 जुलाई को मौसम में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है. राज्य के अधिकांश जिलों में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ रांची और खूंटी के आसपास के इलाकों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है. साथ ही दक्षिण पूर्वी इलाके में प्रभावित रहेंगे.

16 जुलाई को दक्षिण-पूर्वी जिलों पर ज्यादा असर

16 जुलाई को भी मानसून सक्रिय रहेगा. राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इस दिन गुमला और सिमडेगा सहित दक्षिणी क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. मौसम केंद्र रांची ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है.

पिछले 24 घंटे में कैसा रहा अधिकतम तापमान

बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश नहीं हुई लेकिन तापमान सामान्य से ऊपर बना रहा. जमशेदपुर 36.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म शहर रहा. बोकारो में 36.1 डिग्री, डालटनगंज में 35.2 डिग्री और सरायकेला में 35.1 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया. राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस रहा

न्यूनतम तापमान और वर्षा का हाल

न्यूनतम तापमान के मामले में रांची का नामकुम सबसे ठंडा रहा, जहां 23 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. वर्षा की बात करें तो पिछले 24 घंटे में अधिकांश जिलों में बारिश नहीं हुई. केवल लोहरदगा में 4 मिलीमीटर और नामकुम में 0.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई.

कुल मिलाकर अगले तीन दिनों तक झारखंड में मानसून की गतिविधियां तेज बनी रहने की संभावना है. ऐसे में जिन इलाकों के लिए वज्रपात और तेज हवा का अलर्ट जारी किया गया है. वहां लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से खुले स्थानों में जाने से बचने की जरूरत है.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0