यूपी में मुकेश सहनी की नजरबंदी 12 घंटे और बढ़ी, अब 30 जून की रात 12 बजे तक हाउस अरेस्ट रहेंगे VIP चीफ

Jun 30, 2026 - 16:55
Jun 30, 2026 - 16:55
यूपी में मुकेश सहनी की नजरबंदी 12 घंटे और बढ़ी, अब 30 जून की रात 12 बजे तक हाउस अरेस्ट रहेंगे VIP चीफ

NEWS DESK : विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के संस्थापक एवं बिहार सरकार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी को उत्तर प्रदेश पुलिस ने एक बार फिर नोटिस थमाया है। प्रशासन ने उनकी हाउस अरेस्ट की अवधि 12 घंटे बढ़ाते हुए 30 जून की रात 12 बजे तक कर दी है। इससे पहले उन्हें दोपहर 12 बजे तक घर में नजरबंद रखा गया था।

मुकेश सहनी ने कहा कि थाना सुशांत गोल्फ सिटी, लखनऊ के प्रभारी निरीक्षक ने उन्हें नोटिस देकर आवास से बाहर नहीं निकलने का आदेश दिया है। नोटिस में शाहजहांपुर दौरे से राजनीतिक एवं सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। सहनी ने इसे लोकतंत्र की मूल भावना के खिलाफ बताते हुए कहा कि बिना किसी अपराध या कानून का उल्लंघन किए जनता के बीच जाने से रोकना गलत है।

'सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही'

मुकेश सहनी ने कहा कि पहले उनकी नजरबंदी दोपहर 12 बजे तक थी, जिसे अब रात 12 बजे तक बढ़ा दिया गया है। उनके अनुसार यह दर्शाता है कि सरकार जनता के मुद्दों और विपक्ष की आवाज से घबराई हुई है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर राजनीतिक दल और जनप्रतिनिधि को लोगों से मिलने और उनकी समस्याएं सुनने का अधिकार है।

निषाद समाज की आवाज किसी नोटिस से नहीं दबेगी

मुकेश सहनी ने कहा कि निषाद, मछुआरा और वंचित समाज की आवाज को किसी नोटिस या नजरबंदी से नहीं दबाया जा सकता। उन्होंने कहा कि विकासशील इंसान पार्टी सामाजिक न्याय, समान अधिकार और संविधान की रक्षा के लिए अपना संघर्ष लगातार जारी रखेगी। मुकेश सहनी ने कहा कि जनता सब कुछ देख रही है और लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन करने वालों को समय आने पर जवाब मिलेगा।

उन्होंने अपने समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से जनता के अधिकारों की लड़ाई आगे भी मजबूती से लड़ती रहेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0