साइबर अपराध से बचाव को लेकर एनसीसी कैडेटों को किया जागरूक, संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में साइबर सुरक्षा पर सेमिनार, एसएसपी सुशील कुमार ने बताए ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय

गयाजी। 6 बिहार बटालियन एनसीसी द्वारा गया कॉलेज, गयाजी में आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के दौरान साइबर सुरक्षा विषय पर विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार में एनसीसी कैडेटों को बढ़ते साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित इस्तेमाल के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में 6 बिहार बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पंकज कुमार, कीर्ति चक्र, गया कॉलेज, गयाजी के प्राचार्य डॉ. सतीश सिंह चंद्र, नगर पुलिस अधीक्षक अभिनव सहित कई पुलिस पदाधिकारी, विभिन्न थानों के पुलिस निरीक्षक तथा बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट मौजूद रहे। इस अवसर पर गया के वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने एनसीसी कैडेटों को संबोधित करते हुए कहा कि डिजिटल तकनीक ने लोगों के जीवन को आसान बनाया है, लेकिन इसके साथ साइबर अपराध की चुनौतियां भी तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में सभी को ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान सतर्क और जागरूक रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कैडेटों से कहा कि किसी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करें और ओटीपी, पासवर्ड, बैंक खाता, एटीएम या अन्य व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। एसएसपी ने कहा कि साइबर अपराध के प्रति जागरूकता ही इससे बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन ठगी होती है तो बिना देर किए साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं तथा पुलिस को इसकी सूचना दें। सेमिनार के दौरान पुलिस अधिकारियों ने सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल, फर्जी कॉल एवं लिंक, ऑनलाइन भुगतान में सावधानी तथा साइबर अपराध की शिकायत करने की प्रक्रिया के बारे में भी कैडेटों को जानकारी दी। कैडेटों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने विस्तार से जवाब दिया। कार्यक्रम के अंत में 6 बिहार बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पंकज कुमार ने वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार को स्मृति-चिह्न (मोमेंटो) भेंट कर सम्मानित किया। अधिकारियों ने कैडेटों से स्वयं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा परिवार और समाज के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।

Sep 4, 2026 - 17:55
साइबर अपराध से बचाव को लेकर एनसीसी कैडेटों को किया जागरूक, संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में साइबर सुरक्षा पर सेमिनार, एसएसपी सुशील कुमार ने बताए ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0