कोडरमा में NIA की छापेमारी, विस्फोटक मैगजीन हाउस और आवास पर मारा छापा

Jul 23, 2026 - 17:12
Jul 23, 2026 - 17:12
कोडरमा में NIA की छापेमारी, विस्फोटक मैगजीन हाउस और आवास पर मारा छापा

KODERMA : झारखंड के कोडरमा जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीम ने अचानक दबिश दी. एनआईए की टीम नवादा-फुलवरिया के समीप संचालित एक विस्फोटक मैगजीन हाउस में सुबह से ही जांच-पड़ताल में जुटी हुई है. कार्रवाई के दौरान किसी भी स्थिति से निपटने के लिए स्थानीय पुलिस बल भी मौके पर मुस्तैद है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार जिस विस्फोटक मैगजीन हाउस में जांच चल रही है, वह लोकाई निवासी शंकर यादव का बताया जा रहा है. एनआईए की टीम ने सिर्फ मैगजीन हाउस ही नहीं, बल्कि लोकाई स्थित शंकर यादव के रिहायशी मकान पर भी तड़के ही छापा मारा और पूरे परिसर को अपने कब्जे में लेकर कागजात खंगालने शुरू कर दिए.

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक यह पूरी कार्रवाई विस्फोटक सामग्री की अवैध आपूर्ति और हेरफेर से जुड़े मामले में की जा रही है. इलाके में चर्चा है कि इस जांच के तार प्रतिबंधित नक्सली संगठनों तक अवैध रूप से विस्फोटक पहुंचाने के आरोपों से जुड़े हो सकते हैं. हालांकि, मामले की गंभीरता को देखते हुए एनआईए या कोडरमा जिला प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.

जिले के अन्य मैगजीन हाउस भी NIA की रडार पर

सूत्रों का यह भी कहना है कि अवैध विस्फोटकों की कड़ियों को तलाश रही एनआईए की टीम के रडार पर जिले के कुछ अन्य विस्फोटक मैगजीन हाउस भी हैं. आने वाले घंटों में टीम जिले की अन्य संदिग्ध जगहों पर भी छापेमारी कर सकती है. फिलहाल मौके पर एनआईए की कार्रवाई जारी है. आधिकारिक बयान जारी होने के बाद ही इस पूरे मामले और इसमें शामिल कड़ियों की स्पष्ट तस्वीर साफ हो पाएगी.

2 लोग हिरासत में

रेड के बीच एनआईए ने दो लोगों को हिरासत लिया है. जिन लोगों को हिरासत में लिया गया है उनमें शंकर यादव, महेश कुमार मेहता शामिल हैं. दोनों नावाड़ोह की रहने वाले हैं.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0