गया कॉलेज में NSS का भव्य सांस्कृतिक समारोह, स्वयंसेवकों ने दिखाई प्रतिभा, भाषण, एकल व समूह नृत्य और रंगोली प्रतियोगिता में स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक लिया भाग
गयाजी। राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) दिवस के एक दिन पूर्व 23 सितंबर को गया कॉलेज, गया जी में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में NSS स्वयंसेवकों ने एकल नृत्य, भाषण, समूह नृत्य एवं रंगोली प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी कला, अभिव्यक्ति और रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मगध विश्वविद्यालय, बोधगया के कुलपति प्रो. दिलीप कुमार केसरी ने कहा कि NSS युवाओं में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने स्वयंसेवकों से समाज एवं राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि एवं मगध विश्वविद्यालय के NSS समन्वयक डॉ. पिंटू कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना केवल सेवा कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं के व्यक्तित्व एवं नेतृत्व क्षमता के विकास का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने स्वयंसेवकों को सामाजिक सरोकारों से जुड़कर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के संरक्षक एवं गया कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सतीश सिंह चंद्र ने कहा कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ उनकी सांस्कृतिक एवं सामाजिक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना भी आवश्यक है। उन्होंने NSS स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की।
प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में डॉ. मार्कण्डेय पाण्डे (मनोविज्ञान), डॉ. अनूप पति तिवारी (दर्शनशास्त्र), डॉ. श्रुति प्रिया (अर्थशास्त्र), डॉ. हर्षवर्धन सिंह चौहान (गणित विभागाध्यक्ष) एवं डॉ. आनंद कुमार (मनोविज्ञान) शामिल रहे।
भाषण प्रतियोगिता में पायल कुमारी एवं दिव्यांशु कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। एकल नृत्य में रिया कुमारी एवं खुशबू कुमारी प्रथम, रंजन वैभव द्वितीय और श्रुति कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। समूह नृत्य में सैफ खान एवं उनकी टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। रंगोली प्रतियोगिता में नंदिनी एवं श्रुति की टीम प्रथम तथा रंजना वैभव, श्रुति कुमारी एवं स्नेहा कुमारी की टीम द्वितीय रही।
कार्यक्रम का नेतृत्व NSS कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार मिश्र ने किया। संचालन दिव्यांशु कुमार एवं रिया सिंह ने किया। समारोह में NSS के सेवा, सामाजिक जागरूकता, व्यक्तित्व विकास एवं सांस्कृतिक चेतना के उद्देश्यों को प्रभावी रूप से प्रदर्शित किया गया।