पलामू में रेलवे वैगन फैक्ट्री की उठी मांग, सांसद वीडी राम ने लोकसभा में रखा मुद्दा

Jul 29, 2026 - 18:04
पलामू में रेलवे वैगन फैक्ट्री की उठी मांग, सांसद वीडी राम ने लोकसभा में रखा मुद्दा

PALAMU : सांसद विष्णु दयाल राम ने लोकसभा में नियम 377 के तहत पलामू संसदीय क्षेत्र में रेलवे वैगन फैक्ट्री लगाने की मांग को लेकर लोकसभा में आवाज उठाई है. कुछ महीने पहले पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने रेलवे वैगन फैक्ट्री लगाने की मांग को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की थी. पलामू के इलाके में औद्योगिक विकास के लिए सांसद विष्णु दयाल राम लगातार आवाज उठा रहे हैं.

पलायन कर रहे हैं युवा : सांसद विष्णु दयाल राम

इसी कड़ी में उन्होंने कई बार आवाज भी उठाई है. लोकसभा में बोलते हुए पलामू सांसद ने कहा कि पलामू संसदीय क्षेत्र झारखंड में सबसे अधिक औद्योगिक विकास के मामले में पिछड़ा है. स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध नहीं हैं. जिस कारण बड़ी संख्या में युवा अन्य राज्यों की ओर पलायन करते हैं और इसका प्रभाव स्थानीय स्तर पर अर्थव्यवस्था और सामाजिक पारिवारिक जीवन पर पड़ता है.

रेलवे वैगन फैक्ट्री की स्थापना नहीं की गई

लोकसभा में बोलते हुए सांसद विष्णुदयाल राम ने कहा कि झारखंड का इलाका माल ढुलाई के लिए पूरे देश में काफी महत्वपूर्ण है. पलामू संसदीय क्षेत्र से महत्वपूर्ण रेलवे लाइन गुजरती है और देश में माल ढुलाई के मामले में पलामू के इलाके से गुजरने वाली रेलवे लाइन अग्रणी है. फिर भी झारखंड के इलाके में रेलवे वैगन फैक्ट्री की स्थापना नहीं की गई है. पलामू के इलाके में रेलवे वैगन फैक्ट्री लगाने की जरूरत है ताकि स्थानीय युवाओं को और लोगों को रोजगार मिल सके.

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से की है मांग

सांसद ने कहा पलामू संसदीय क्षेत्र में रेलवे की पर्याप्त भूमि उपलब्ध है. उन्होंने लोकसभा में बोलते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से पलामू संसदीय क्षेत्र में रेलवे वैगन फैक्ट्री स्थापना की मांग की है.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0