बाल विवाह और बाल श्रम के खिलाफ बच्चों की पहल, CM हेमंत सोरेन ने 10 बाल पत्रकारों से किया संवाद

विश्व बाल दिवस पर यूनीसेफ के 10 बाल पत्रकारों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। बच्चों ने बाल विवाह, बाल श्रम, शिक्षा, माहवारी स्वच्छता और जलवायु परिवर्तन जैसे मुद्दों पर अपने अनुभव साझा किए।

Nov 20, 2026 - 15:50
बाल विवाह और बाल श्रम के खिलाफ बच्चों की पहल, CM हेमंत सोरेन ने 10 बाल पत्रकारों से किया संवाद

रांची: विश्व बाल दिवस के अवसर पर शुक्रवार को यूनीसेफ के 10 बाल पत्रकारों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान बच्चों ने बाल अधिकारों में आए सकारात्मक बदलावों, अपने सपनों और भविष्य को लेकर मुख्यमंत्री के साथ संवाद किया।

मुलाकात के दौरान बाल पत्रकारों ने अपने स्कूल और समुदाय में किए गए प्रयासों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। उन्होंने बताया कि किस तरह बाल विवाह और बाल श्रम जैसी सामाजिक कुरीतियों की रोकथाम के साथ-साथ स्कूल छोड़ चुके बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने में अपनी भूमिका निभा रहे हैं।

बाल पत्रकारों ने माहवारी स्वच्छता प्रबंधन, बचपन में होने वाली गैर-संचारी बीमारियों की रोकथाम, स्वस्थ खानपान और जलवायु परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जन-जागरूकता अभियान से जुड़े अपने अनुभव भी साझा किए।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बच्चों के सवालों को गंभीरता से सुना और सहजता व संवेदनशीलता के साथ उनके जवाब दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त रखने के लिए समीक्षा कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी स्कूलों में पढ़ाई के साथ खेलकूद में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने के लिए भी सरकार प्रयासरत है। इसके तहत स्कूलों को खेल सामग्री उपलब्ध कराने और पंचायत स्तर पर खेल मैदान बनाने का निर्णय लिया गया है। वहीं, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के माध्यम से बच्चों के शैक्षणिक स्तर में सुधार लाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0