डस्टबिन घोटाले पर PK का बड़ा हमला: मंगल पांडेय के साथ तेजस्वी यादव की भूमिका की भी जांच हो, दिल्ली की कथित घटना पर भी सरकार को घेरा
बिहार की राजनीति में कथित डस्टबिन खरीद घोटाले को लेकर जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने बड़ा राजनीतिक हमला बोला है। इस बार उन्होंने सिर्फ बिहार सरकार के मंत्री मंगल पांडेय को ही निशाने पर नहीं लिया, बल्कि राजद नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की भूमिका पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
पटना:-बिहार की राजनीति में कथित डस्टबिन खरीद घोटाले को लेकर जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने बड़ा राजनीतिक हमला बोला है। इस बार उन्होंने सिर्फ बिहार सरकार के मंत्री मंगल पांडेय को ही निशाने पर नहीं लिया, बल्कि राजद नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की भूमिका पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रशांत किशोर ने कहा कि डस्टबिन की खरीद से जुड़ी प्रक्रिया उस दौर में शुरू हुई थी, जब तेजस्वी यादव बिहार सरकार में स्वास्थ्य मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। ऐसे में अगर इस मामले में अनियमितता, भ्रष्टाचार या घोटाले की जांच होती है, तो जांच का दायरा केवल मंगल पांडेय तक सीमित नहीं रहना चाहिए।
उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले में तेजस्वी यादव की भूमिका की भी निष्पक्ष और गहराई से जांच की जानी चाहिए। प्रशांत किशोर ने सवाल उठाया कि आखिर जिस समय डस्टबिन खरीद की प्रक्रिया शुरू हुई, उस समय विभाग और सरकार की जिम्मेदारी किन लोगों के पास थी और खरीद से जुड़े फैसले किन स्तरों पर लिए गए।
प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार में भ्रष्टाचार के मामलों पर राजनीति करने के बजाय सभी जिम्मेदार लोगों की भूमिका की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने साफ कहा कि अगर किसी मामले में गड़बड़ी हुई है तो चाहे वह किसी भी दल या किसी भी बड़े नेता से जुड़ा हो, कार्रवाई सबके खिलाफ समान रूप से होनी चाहिए।
दिल्ली की कथित घटना पर भी बोले PK
वहीं, दिल्ली में बिहार के एक मंत्री के साथ कथित तौर पर जूता-चप्पल से मारपीट किए जाने की चर्चा को लेकर भी प्रशांत किशोर ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सुनने में आ रहा है कि एक मंत्री पर एक लड़की से कथित छेड़खानी का आरोप लगा है और इसी आरोप के बाद दिल्ली में उनके साथ जूता-चप्पल से मारपीट की घटना हुई।
हालांकि, प्रशांत किशोर ने इस पूरे मामले की आधिकारिक जांच और सच्चाई सामने आने की आवश्यकता पर जोर देते हुए बिहार की सत्ता और व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि जब सरकार के शीर्ष नेतृत्व के चरित्र और आचरण को लेकर लगातार गंभीर सवाल उठते रहे हों, तो सरकार से जुड़े मंत्रियों, विधायकों, अधिकारियों और व्यवस्था के अन्य लोगों से जुड़ी ऐसी घटनाओं की खबरें सामने आना कोई आश्चर्य की बात नहीं है।
PK ने सरकार की कार्यप्रणाली पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में व्यवस्था को सुधारने की जरूरत है। केवल राजनीतिक बयानबाजी से काम नहीं चलेगा, बल्कि भ्रष्टाचार, अनियमितता और जनप्रतिनिधियों से जुड़े गंभीर आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
बिहार की सियासत में फिर गरमाया माहौल
डस्टबिन खरीद मामले में तेजस्वी यादव और मंगल पांडेय, दोनों की भूमिका की जांच की मांग के बाद बिहार की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। प्रशांत किशोर के इस बयान से सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों पर सवाल खड़े हो गए हैं।
अब देखना होगा कि डस्टबिन खरीद मामले को लेकर सरकार और विपक्ष की ओर से क्या प्रतिक्रिया आती है और क्या इस मामले की जांच को लेकर आगे कोई बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0