रांची की पलक सिंह पहनेंगी टीम इंडिया की जर्सी, श्रीलंका सीरीज के लिए U19 टीम में चयन
RANCHI : झारखंड की राजधानी रांची की युवा क्रिकेटर पलक सिंह ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है. उनका चयन भारतीय महिला अंडर-19 क्रिकेट टीम में हुआ है. अब पलक श्रीलंका के खिलाफ होने वाली सीरीज में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी. उनकी इस सफलता से पूरे झारखंड में खुशी का माहौल है.
17 साल की पलक सिंह बाएं हाथ की बल्लेबाज और तेज गेंदबाज हैं. उन्होंने महज 12 साल की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू किया था. सिर्फ पांच साल की मेहनत और लगन के दम पर उन्होंने भारतीय टीम में अपनी जगह बनाई है. पलक ने बताया कि उनकी सफलता के पीछे लगातार कड़ी मेहनत है. वह सुबह और रात दोनों समय अभ्यास करती थीं.
उन्होंने कहा कि क्रिकेट में आगे बढ़ने के लिए नियमित प्रैक्टिस सबसे जरूरी है. पलक एक ऑलराउंडर खिलाड़ी हैं लेकिन उनकी पहली पसंद गेंदबाजी है. बल्लेबाजी में उन्हें भारतीय महिला टीम की स्टार खिलाड़ी स्मृति मंधाना पसंद हैं. जबकि पुरुष क्रिकेट में उन्हें विराट कोहली के शॉट्स और बल्लेबाजी शैली काफी पसंद है.
खास बात यह है कि पलक को कई मौकों पर भारत के पूर्व कप्तान और झारखंड के दिग्गज क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी से भी सीखने और सलाह लेने का मौका मिला है. इससे उनके खेल को और निखार मिला. पलक का भारतीय अंडर-19 टीम में चयन झारखंड क्रिकेट के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है. अब तक झारखंड हॉकी, तीरंदाजी और अन्य खेलों में देश-दुनिया में पहचान बना चुका है, वहीं, अब क्रिकेट में भी राज्य की बेटियां अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











