RCB vs GT Qualifier 1: फाइनल के टिकट के लिए महामुकाबला कल, जानें धर्मशाला पिच रिपोर्ट, हेड-टू-हेड रिकॉर्ड और संभावित प्लेइंग 11
SPORTS DESK : आईपीएल 2026 अब अपने सबसे रोमांचक दौर में पहुंच चुका है। मंगलवार को धर्मशाला के खूबसूरत हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में पहला क्वालिफायर मुकाबला खेला जाएगा, जहां आमने-सामने होंगी आरसीबी और गुजरात टाइटंस मुकाबला शाम 7:30 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस 7 बजे होगा। इस मैच को जीतने वाली टीम सीधे आईपीएल 2026 के फाइनल में जगह बना लेगी। वहीं हारने वाली टीम के पास क्वालिफायर-2 के जरिए फाइनल में पहुंचने का एक और मौका रहेगा।
अगर हेड-टू-हेड रिकॉर्ड की बात करें तो दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली है। आईपीएल इतिहास में अब तक दोनों टीमों के बीच कुल 8 मैच खेले गए हैं, जिनमें 4 मुकाबले आरसीबी ने जीते हैं और 4 मैच गुजरात टाइटंस ने अपने नाम किए हैं। यानी आंकड़ों में दोनों टीमों का पलड़ा बराबर नजर आता है।
धर्मशाला की पिच हमेशा से बल्लेबाजों और तेज गेंदबाजों दोनों के लिए मददगार रही है। काली मिट्टी से बनी इस विकेट पर शुरुआत में तेज गेंदबाजों को स्विंग और बाउंस मिलता है, लेकिन मैच आगे बढ़ने के साथ बल्लेबाजी आसान हो जाती है। छोटी बाउंड्री और पतली हवा के कारण यहां बड़े-बड़े छक्के देखने को मिलते हैं। इस सीजन भी इस मैदान पर जमकर रन बरसे हैं और पहली पारी का औसत स्कोर 190 के पार रहा है।
ओस इस मैच में बड़ा फैक्टर साबित हो सकती है। दूसरी पारी में गेंद गीली होने की वजह से बल्लेबाजों को काफी फायदा मिलता है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है।
संभावित प्लेइंग 11 की बात करें तो आरसीबी की टीम में Virat Kohli, फिल सॉल्ट, रजत पाटीदार, जितेश शर्मा और जोश हेजलवुड जैसे खिलाड़ी नजर आ सकते हैं। वहीं गुजरात टाइटंस की कप्तानी Shubman Gill करेंगे, जबकि टीम में साईं सुदर्शन, जोस बटलर, राशिद खान और मोहम्मद सिराज जैसे स्टार खिलाड़ी मौजूद रहेंगे।
अब देखना दिलचस्प होगा कि कौन सी टीम दबाव के इस बड़े मुकाबले में बाजी मारकर फाइनल का टिकट कटाती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











