SIR-2026: झारखंड में 10 अक्टूबर को सभी बूथों पर मेगा हेल्प डेस्क, 12 से 16 तक विशेष अभियान

रांची: झारखंड में एसआईआर-2026 के तहत मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र भारतीय नागरिकों को राहत देने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि 10 अक्टूबर 2026 को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर मेगा हेल्प डेस्क लगाया जाएगा। इसके बाद 12 से 16 अक्टूबर तक विशेष आउटरीच अभियान चलाया जाएगा।

Oct 8, 2026 - 18:03
SIR-2026: झारखंड में 10 अक्टूबर को सभी बूथों पर मेगा हेल्प डेस्क, 12 से 16 तक विशेष अभियान

रांची: झारखंड में एसआईआर-2026 के तहत मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र भारतीय नागरिकों को राहत देने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि 10 अक्टूबर 2026 को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर मेगा हेल्प डेस्क लगाया जाएगा। इसके बाद 12 से 16 अक्टूबर तक विशेष आउटरीच अभियान चलाया जाएगा।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने गुरुवार को सभी जिलों के जिला सामाजिक सुरक्षा/समाज कल्याण पदाधिकारियों और उप निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक की। बैठक में एसआईआर-2026 के तहत अभी भी मतदाता सूची से छूटे पात्र नागरिकों और कमजोर एवं वंचित वर्गों को सहायता उपलब्ध कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

No Mapping और Anomalies वाले मामलों में मिलेगी सहायता

10 अक्टूबर को आयोजित मेगा हेल्प डेस्क में एसआईआर से जुड़े लंबित मामलों के साथ No Mapping और Anomalies से संबंधित मामलों में पात्र नागरिकों को आवश्यक जानकारी और सहायता दी जाएगी। के. रवि कुमार ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर मेगा हेल्प डेस्क में BLA-2 की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि बीएलए-2 अपने क्षेत्र के ऐसे मतदाताओं की समस्याएं बीएलओ और संबंधित अधिकारियों के सामने रखें, जिन्हें मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए किसी तरह की सहायता की जरूरत है।

कमजोर वर्गों तक घर-घर पहुंचेंगे अधिकारी

12 से 16 अक्टूबर तक चलने वाले विशेष आउटरीच अभियान के दौरान बीएलओ और संबंधित अधिकारी वृद्धजनों, दिव्यांगजनों, ट्रांसजेंडर, सेक्स वर्कर तथा अन्य कमजोर एवं वंचित वर्गों के पात्र नागरिकों तक पहुंचेंगे। इस दौरान उन्हें जरूरी दस्तावेज, सत्यापन और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया में सहायता दी जाएगी।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने वृद्धाश्रम, आश्रयगृह, शक्ति सदन, अनाथालय और अन्य संस्थानों में रहने वाले पात्र नागरिकों तक भी अभियान की पहुंच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

के. रवि कुमार ने कहा कि जानकारी या आवश्यक सहयोग के अभाव में कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए। जिला सामाजिक सुरक्षा विभाग और निर्वाचन विभाग को आपसी समन्वय से ऐसे नागरिकों को प्रमाण-पत्र, घोषणा-पत्र और अन्य जरूरी प्रक्रियाओं में सहायता देने का निर्देश दिया गया है।

उन्होंने कहा कि एसआईआर-2026 का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई पात्र भारतीय नागरिक सूची से बाहर न रहे और कोई अपात्र या विदेशी व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो।

बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, राज्य ट्रेनिंग नोडल पदाधिकारी देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज ठाकुर समेत सभी जिलों के संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0