तीन दिवसीय झारखंड कृषि व्यापार मेला का शुभारम्भ 16 जून को
*मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे उद्घाटन *कृषि, पशुपालन, डेयरी विकास, मत्स्य पालन, बागवानी व सहकारिता विभाग के लगेंगे स्टाल
झारखंड सरकार के कृषि, पशुपालन व सहकारिता विभाग के तत्वावधान में 16 से 18 जून तक राजधानी स्थित मोरहाबादी मैदान में तीन दिवसीय झारखंड कृषि व्यापार मेला का आयोजन किया जाएगा। मेले का उद्घाटन 16 जून को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे। इस अवसर पर कृषि, पशुपालन,सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की सहित संबंधित विभागों के सचिव सहित न्य अधिकारी गण उपस्थित रहेंगे।
इस विशेष कृषि व्यापार मेले का उद्देश्य किसानों, कृषि उद्यमियों व उद्योग जगत के दिग्गज उद्यमियों सरकारी विभागों को एक साझा मंच प्रदान करना है। इसके माध्यम से राज्य के कृषि क्षेत्र में नई व आधुनिक कृषि तकनीक के प्रसार और ग्रामीण समृद्धि को एक नई दिशा दी जाएगी। कृषि विभाग द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक इस तीन दिवसीय मेले में कृषि रथ को हरी झंडी दिखाकर राज्य के विभिन्न क्षेत्रों के लिए रवाना किया जाएगा। इसके साथ ही कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों को सम्मानित भी किया जाएगा। कृषि विभाग और इससे संबंधित विभागों की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों के बीच सहायता राशि और लाभुकों को सामग्री का वितरण भी किया जाएगा। मेले के दूसरे दिन अर्थात 17 जून को विशेष रूप से विभागीय तकनीकी सत्र कृषि संवाद कार्यक्रम और प्रश्नोत्तर सत्र का भी आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से विशेषज्ञ किसानों को खेती से जुड़ी आधुनिकतम तकनीक, सरकारी अनुदानों और आधुनिक व वैज्ञानिक खेती के तौर-तरीकों की जानकारी देंगे। वहीं, मेले के अंतिम दिन 18 जून को भी किसान संवाद का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही कृषि क्षेत्र के स्टार्स अप भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। मेले के दौरान किसानों के सामने नवाचार आधारित कृषि मॉडल, उद्यमिता के नए अवसर और तकनीकी समाधान भी प्रस्तुत किए जाएंगे। मेले का समापन 18 जून को होगा।
कृषि प्रौद्योगिकी कंपनियां व आधुनिक कृषि यंत्र निर्माताओं के उपकरणों की लगेगी प्रदर्शनी
इस कृषि व्यापार मेले में कृषि, पशुपालन, डेयरी विकास, मत्स्य पालन, बागवानी और सहकारिता विभागों को स्टॉल तो होंगे ही, इसके साथ ही देशभर की जाने-माने कृषि प्रौद्योगिकी की कंपनियां, आधुनिक कृषि यंत्र निर्माता और विभिन्न सफल स्टार्टअप भी हिस्सा लेंगे।
किसानों और कृषि उद्यमियों को बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील
कृषि विभाग के मुताबिक इस मेले से किसानों को उन्नत कृषि उपकरण, स्मार्ट तकनीक और कृषि व्यवसाय की नई संभावनाओं को करीब से देखने और समझने का अवसर मिलेगा। मोरहाबादी स्थित आयोजन स्थल पर आगंतुकों के लिए प्रदर्शनी हाल, संस्कृतिक हॉल, तकनीकी सत्र, फूड कोर्ट, आकर्षक सेल्फी प्वाइंट और कृषि यंत्रों के लाइव प्रदर्शन की भी विशेष व्यवस्था उपलब्ध होगी। मेले के आयोजक कृषि, पशुपालन व सहकारिता विभाग ने भरोसा जताया है कि यह मेला राज्य की कृषि व्यवस्था को और मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगा। विभाग की ओर से सूबे के किसानों और कृषि उद्यमियों को मेले में बढ़-कर कर सहभागिता निभाने और शामिल होने की अपील की गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











