पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर श्रद्धासुमन अर्पित, भाजपा किसान मोर्चा कार्यालय में आयोजित हुआ कार्यक्रम, कार्यकर्ताओं ने उनके आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प
गया स्थित कार्यालय में जनसंघ के संस्थापक सदस्य, महान चिंतक एवं राष्ट्रवादी विचारक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई।
गयाजी। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के नूतन नगर, गया स्थित कार्यालय में जनसंघ के संस्थापक सदस्य, महान चिंतक एवं राष्ट्रवादी विचारक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा सहित पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उनके बताए आदर्शों और सिद्धांतों पर चलने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, समाजसेवा और संगठन निर्माण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने अपने विचारों और कार्यों के माध्यम से भारतीय राजनीति को एक नई वैचारिक दिशा प्रदान की। डॉ. मिश्रा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने व्यक्तिगत सुख-सुविधाओं की चिंता किए बिना राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा। उनका जीवन त्याग, तपस्या, अनुशासन और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के कल्याण को केंद्र में रखते हुए ‘अंत्योदय’ की अवधारणा को आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का ‘एकात्म मानववाद’ भारतीय चिंतन और संस्कृति पर आधारित ऐसी विचारधारा है, जिसमें व्यक्ति, समाज और राष्ट्र के समग्र विकास की कल्पना की गई है। उनके विचार आज भी कार्यकर्ताओं को राष्ट्र और समाज के प्रति समर्पित होकर कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजेंद्र प्रसाद, अधिवक्ता संतोष ठाकुर, राणा रणजीत सिंह, सुनील बंबईया, हीरा यादव, शेखर चंद्रवंशी, मंटू कुमार, बबलू गुप्ता, सुरेंद्र प्रजापति, कुंदन सिंह सहित अन्य नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0





