देश के जवानों की कलाइयों पर ओजस्विनी का रक्षासूत्र,ओजस्विनी ने सीआरपीएफ के अधिकारियों व जवानों को बांधा रक्षासूत्र

Aug 19, 2021 - 07:38
देश के जवानों की कलाइयों पर ओजस्विनी का रक्षासूत्र,ओजस्विनी ने सीआरपीएफ के अधिकारियों व जवानों को बांधा रक्षासूत्र

अमरेन्द्र कुमार सिंह
गया । भाई-बहन के स्नेह भरे रिश्ते का प्रतीक पवित्र त्योहार ‘रक्षाबंधन’ के मद्देनज़र अन्तरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद की सहयोगी संस्था ‘ओजस्विनी’ के द्वारा जिलाध्यक्षा डॉ कुमारी रश्मि प्रियदर्शनी के नेतृत्व में ‘देश के जवानों की कलाइयों पर ओजस्विनी का रक्षासूत्र’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके तहत ओजस्विनियों ने सीआएपीएफ कैम्प, गया में ‘सेन्ट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स’ के 159 बटालियन के जवानों की कलाइयों पर स्नेह तथा शुभकामना भरी राखियाँ बाँधी। इस पुनीत कार्य का शुभारंभ ओजस्विनी अध्यक्षा ने कमान्डेंट डॉ निशीत कुमार तथा डिप्टी कमान्डेंट समीर कुमार राव सहित अधिकारियों तथा जवानों की कलाइयों पर रक्षासूत्र बांध कर किया। तत्पश्चात अंकिता कुमारी, अमीषा भारती, तनु प्रकाश, शिल्पा साहनी, कृति प्रकाश, वर्षा कुमारी, दीपशिखा, रिया कुमारी, मोनिका कुमारी, कशिश कुमारी आदि ओजस्विनियों ने देश की रक्षा में जुटे सभी सैनिक भाइयों की लंबी उम्र की कामना करते हुए विजय-तिलक लगाया। डॉ प्रियदर्शनी ने कहा कि हम देश में आज सुखी हैं, सुरक्षित हैं, चैन से जीवन जी रहे हैं, तो बस सैनिकों और देश के वीर जवानों की तपस्या के कारण। हम बहनों ने रंग-बिरंगी राखियों के रूप में शुभकामनाओं से भरे रक्षासूत्र बांधे हैं। केन्द्रीय रिज़र्व पुलिस बल भारत के केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में सबसे बड़ा है, जो भारत सरकार के गृह मंत्रालय के तहत काम करता है। देश तथा समाज में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में इनकी अहम भूमिका है। सीआरपीएफ के वीर जवान पुलिस कार्रवाई में राज्य तथा संघ शासित प्रदेशों की सहायता करते हैं। ये आतंकवाद के प्रबल विरोधी हैं। ‘ओजस्विनी’ तथा ‘अन्तरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद’ के सभी अधिकारी तथा सदस्य देश के इन वीर जवानों को सलाम करते हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0