गया कॉलेज में छह दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम का भव्य शुभारंभ, 50 शिक्षकों ने लिया प्रशिक्षण

मगध विश्वविद्यालय का पहला महाविद्यालय बना गया कॉलेज, जहां आयोजित हो रहा है एमएमटीटीसी का प्रशिक्षण कार्यक्रम; राज्यपाल के शिक्षा सलाहकार प्रो. बी.के. त्रिपाठी रहे मुख्य अतिथि

Nov 2, 2026 - 18:59
गया कॉलेज में छह दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम का भव्य शुभारंभ, 50 शिक्षकों ने लिया प्रशिक्षण

गयाजी। शिक्षकों के कौशल विकास, शैक्षणिक दक्षता में वृद्धि तथा उच्च शिक्षा की गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से गया कॉलेज, गया के प्रांगण में छह दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (एफडीपी) का गरिमामय शुभारंभ हुआ। दो नवंबर से सात नवंबर तक आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सतीश सिंह चंद्र ने की। उद्घाटन सत्र में बिहार के राज्यपाल के शिक्षा सलाहकार प्रो. बी.के. त्रिपाठी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, मगध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिलीप कुमार केसरी तथा दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय के एमएमटीटीसी निदेशक प्रो. तरुण कुमार त्यागी की विशिष्ट उपस्थिति रही। कार्यक्रम के प्रारंभ में प्राचार्य प्रो. सतीश सिंह चंद्र ने अतिथियों का स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया तथा छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की सफलता की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद एमएमटीटीसी, गया कॉलेज के समन्वयक डॉ. अनुपम ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी दी। बीज वक्तव्य प्रस्तुत करते हुए प्रो. तरुण कुमार त्यागी ने पाठ्यक्रम, शिक्षण पद्धति, डिजाइन थिंकिंग एवं मूल्यांकन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इन विषयों की व्यावहारिक समझ शिक्षकों की शैक्षणिक क्षमता को विकसित करने के साथ उच्च शिक्षा की गुणवत्ता में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। मगध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिलीप कुमार केसरी ने इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम के आयोजन के लिए आयोजक मंडल एवं महाविद्यालय के प्राचार्य के प्रयासों की सराहना की। मुख्य अतिथि प्रो. बी.के. त्रिपाठी ने गया कॉलेज में एमएमटीटीसी के आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने अपने पूर्व के प्रशिक्षण अनुभवों का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले शिक्षकों को प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने राज्यपाल की दूरदर्शी सोच की सराहना करते हुए कहा कि बिहार आज शिक्षा के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। कार्यक्रम का संचालन दर्शनशास्त्र विभाग के अध्यक्ष डॉ. अनुप पति तिवारी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन पीडीपी कार्यक्रम के सह-समन्वयक डॉ. विजय कुमार ने किया। प्रशिक्षण के द्वितीय सत्र में दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय, गया के प्रो. प्रवीण कुमार ने 'एथिक्स, साइंटिफिक इंटीग्रिटी एंड ह्यूमन वैल्यू इन रिसर्च' विषय पर व्याख्यान दिया। वहीं, तृतीय सत्र में मगध विश्वविद्यालय के आईक्यूएसी सेल के समन्वयक प्रो. मुकेश कुमार ने 'करिकुलम डेवलपमेंट एंड डिजाइन' विषय पर शिक्षकों को महत्वपूर्ण जानकारी दी। इस कार्यक्रम में गया कॉलेज के विभिन्न विभागों एवं मगध विश्वविद्यालय के अन्य महाविद्यालयों से लगभग 50 शिक्षकों ने भाग लेकर प्रशिक्षण प्राप्त किया। छह दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों के विशेषज्ञ एवं शिक्षाविद् बतौर रिसोर्स पर्सन अपने व्याख्यान प्रस्तुत करेंगे। उल्लेखनीय है कि गया कॉलेज मगध विश्वविद्यालय का पहला महाविद्यालय है, जहां एमएमटीटीसी के इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह उपलब्धि महाविद्यालय के लिए गौरव का विषय है। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0