मधुबनी में आर्केस्ट्रा के दौरान फरमाइशी गाना बजाने से किया इनकार, युवक ने बाजा ऑपरेटर को मारी गोली

मधुबनी। बिहार के मधुबनी जिले में बेखौफ अपराधियों ने मामूली विवाद में एक बाजा ऑपरेटर को गोली मार दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। घटना अंधराठाढ़ी थाना क्षेत्र के पस्टन गांव की है।

Nov 2, 2026 - 14:14

जानकारी के अनुसार, गांव में शिव कार्तिक पूजा के अवसर पर आर्केस्ट्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के दौरान देर रात करीब डेढ़ बजे एक युवक ने बाजा ऑपरेटर शिवम साव से अपनी पसंद का गाना बजाने की फरमाइश की। बताया जा रहा है कि बाजा ऑपरेटर ने किसी कारणवश गाना बजाने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।

आरोप है कि गाना बजाने से इनकार करने पर गुस्साए युवक ने शिवम साव को गोली मार दी। गोली सीधे उसके गले में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

घटना के बाद पस्टन गांव में दहशत का माहौल है। वहीं, गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस घटना के कारणों और गोली चलाने वाले युवक की पहचान एवं गिरफ्तारी को लेकर छानबीन कर रही है।

फिलहाल इस घटना ने गांव में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0