भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के पद पर बने रहेंगे लक्ष्मण गिलुवा

राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के बाद फरवरी में प्रदेश की नई कार्यसमिति पर निर्णय संभावित

Jan 4, 2020 - 09:23
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के पद पर बने रहेंगे लक्ष्मण गिलुवा

रांची : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के पद पर फिलहाल लक्ष्मण गिलुवा बने रहेंगे। संभावना जताई जा रही है कि फरवरी माह तक पार्टी की कमान गिलुवा के पास ही रहेगी। कयास लगाया जा रहा है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा की प्रस्तावित राष्ट्रीय कार्यसमिति के चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के बाद और राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन के बाद ही झारखंड में भी सांगठनिक स्तर पर बदलाव किया जाएगा। तब तक के लिए गिलुवा को प्रदेश अध्यक्ष पद पर बनाए रखना भाजपा के लिए जरूरी भी है। क्योंकि उनके पद से मुक्त होने के साथ ही प्रदेश कार्यकारिणी समिति स्वत: भंग हो जाएगी। इसलिए पार्टी आलाकमान ने गिलुवा का इस्तीफा स्वीकार नहीं किया है। उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव होने तक प्रदेश अध्यक्ष के पद पर बने रहने का निर्देश दिया है। गौरतलब है कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने विगत 25 दिसंबर को विधानसभा चुनाव में भाजपा की शिकस्त की जिम्मेदारी लेते हुए प्रदेश अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया था। गिलुवा के इस्तीफे को केंद्रीय नेतृत्व के स्तर से स्वीकार नहीं किया गया है। बताया जा रहा है कि अब राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव संभवत: फरवरी माह में होने के बाद ही प्रदेश में संगठन का विस्तार और संगठन के बारे में कोई निर्णय लिया जाएगा। विदित हो कि झारखंड में भाजपा के प्रदेश संगठन का कार्यकाल अगस्त 2019 में ही समाप्त हो चुका है। विधानसभा चुनाव के कारण संगठन की चुनावी प्रक्रिया को फिलहाल स्थगित रखा गया था।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0