बोकारो की 1000 महिलाओं को मिलेगा स्वरोजगार का मौका, पहले चरण में 400 महिलाओं को जोड़ा गया

बोकारो। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में बेहतर झारखंड संस्था ने नई पहल शुरू की है। सेक्टर-1 स्थित हंस मंडप में “आत्मनिर्भर बोकारो, सशक्त महिला, समृद्ध परिवार” कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

Sep 20, 2026 - 17:52
बोकारो की 1000 महिलाओं को मिलेगा स्वरोजगार का मौका, पहले चरण में 400 महिलाओं को जोड़ा गया

बोकारो:- महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में बेहतर झारखंड संस्था ने नई पहल शुरू की है। सेक्टर-1 स्थित हंस मंडप में “आत्मनिर्भर बोकारो, सशक्त महिला, समृद्ध परिवार” कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान संस्था के संस्थापक विवेक सिंह ने बताया कि बेहतर झारखंड ने अगले एक साल में करीब 1000 महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है। इस पहल के तहत महिलाओं को अपना काम शुरू करने के लिए कैपिटल इक्विपमेंट, जरूरी प्रशिक्षण और बाजार से जोड़ने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

संस्था की ओर से महिलाओं द्वारा तैयार किए जाने वाले उत्पादों को देशभर के ऑनलाइन बाजार तक पहुंचाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। इसका उद्देश्य महिलाओं को केवल प्रशिक्षण देने तक सीमित न रखते हुए उन्हें रोजगार और बाजार से जोड़ना है।

विवेक सिंह ने बताया कि योजना तैयार करने से पहले पिछले एक महीने के दौरान करीब 700 महिलाओं से छोटे-छोटे समूहों में आमने-सामने बातचीत की गई। इस दौरान महिलाओं ने स्वरोजगार को लेकर अपनी जरूरतें, रुचियां और चुनौतियां साझा कीं। इन्हीं सुझावों के आधार पर योजना को धरातल पर उतारने की तैयारी की गई है।

पहले चरण में 400 महिलाओं को मिलेगा लाभ

पहल के पहले चरण में करीब 400 महिलाओं को सीधे जोड़ा जा रहा है। इसमें नॉन-सेक्टर एरिया, चास, बालीडीह और उत्तरी विस्थापित क्षेत्र के महिला समूहों को शामिल किया गया है।

कार्यक्रम के दौरान महिला समूहों के बीच विभिन्न प्रकार के कैपिटल इक्विपमेंट का वितरण भी किया गया। संस्था का लक्ष्य आने वाले एक साल में इस पहल का विस्तार करते हुए करीब 1000 महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना है।

इस पहल से जुड़ी लाभुक महिलाओं ने भी अपने अनुभव साझा किए और स्वरोजगार के जरिए आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की उम्मीद जताई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0