वर्गीज कुरियन लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से नवाजे गए मुकुल प्रसाद सिंह

वर्गीज कुरियन लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से नवाजे गए मुकुल प्रसाद सिंह

रांची। झारखंड सरकार के गव्य विकास निदेशालय के पूर्व सहायक निदेशक (गव्य)मुकुल प्रसाद सिंह को डेयरी डेवलपमेंट के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए डॉ.वर्गीज कुरियन लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से नवाजा गया है। श्री सिंह वर्तमान में कोडरमा में जिला गव्य विकास पदाधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। उक्त पुरस्कार के लिए श्री सिंह का चयन करनाल स्थित राष्ट्रीय गव्य अनुसंधान संस्थान (एनडीआरआई) के पूर्व कुलपति डॉ. नागेंद्र शर्मा की अध्यक्षता में राष्ट्रीय स्तर पर गठित कमेटी द्वारा किया गया था। विश्व दुग्ध दिवस (एक जून) के अवसर पर उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान देने की घोषणा की गई। श्री सिंह को यह अवार्ड वर्चुअल माध्यम से प्रमाण पत्र संप्रेषित करते हुए दिया गया।
गौरतलब है कि श्री सिंह ने गव्य विकास निदेशालय में बतौर सहायक निदेशक अपने कार्यकाल के दौरान राज्य में दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में कई उल्लेखनीय कार्य किए हैं, जो मील का पत्थर साबित हुए हैं। झारखंड के किसानों-पशुपालकों को गव्य विकास के लिए समुचित प्रशिक्षण की व्यवस्था करना, पशुपालकों के लिए मिल्क को-ऑपरेटिव एवं दुग्ध उत्पादकों के लिए मिल्क फेडरेशन का गठन, पशुओं के नस्ल सुधार, पौष्टिक चारा उत्पादन सहित अन्य कार्यों को उन्होंने बखूबी अंजाम दिया। फिलवक्त श्री सिंह कोडरमा जिले के किसानों और पशुपालकों को गव्य विकास विभाग की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सक्रियता से जुटे हैं। उन्होंने गव्य विकास निदेशालय में बतौर सहायक निदेशक, डेयरी के विकास और प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न योजनाओं को अमलीजामा पहनाया। श्री सिंह किसानों और पशुपालकों को सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने में सफल रहे हैं। श्री सिंह को राष्ट्रीय स्तर पर यह पुरस्कार प्राप्त होने पर उनके शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।