सर्वांगीण विकास के प्रति कृतसंकल्प है महागठबंधन : सुबोधकांत सहाय

Jun 13, 2023 - 07:24
Jul 12, 2024 - 11:07
सर्वांगीण विकास के प्रति कृतसंकल्प है महागठबंधन : सुबोधकांत सहाय

मुजफ्फरपुर (बिहार)। पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुबोधकांत सहाय ने कहा कि विगत पन्द्रह वर्षों से नीतीश कुमार के कुशासन से त्रस्त बिहार की जनता ने इस बार के चुनाव में महागठबंधन को सत्ता सौंपने का निर्णय ले लिया है। दो चरणों में हुए मतदान के दौरान मतदाताओं ने महागठबंधन को व्यापक समर्थन देते हुए मतदान किया है। उन्होंने कहा कि तीसरे चरण के मतदान में भी महागठबंधन को मतदाताओं का भरपूर समर्थन प्राप्त होगा। श्री सहाय गुरुवार को मुजफ्फरपुर में कांग्रेस पार्टी की ओर से आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि महागठबंधन में शामिल कांग्रेस पार्टी सभी सहयोगी दलों के साथ समन्वय स्थापित कर समाज के सर्वांगीण विकास के प्रति समर्पित है। आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए और समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए सतत प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि वाम मोर्चा दल सैद्धांतिक-राजनैतिक विचारधारा से ओतप्रोत समाज के सभी वर्गों के कल्याण के प्रति कृतसंकल्प है। वहीं, राजद एक नए संकल्प एवं युवा जोश के साथ विकास हेतु प्रतिबद्ध है। जिसे बिहार की जनता ने मन से समर्थन दे दिया है। श्री सहाय ने कहा कि बिहार में बदलाव की बयार तेजी से बह रही है। जनता सत्ता परिवर्तन के मूड में है। दो चरणों के चुनावी रुझान से यह स्पष्ट हो गया है कि बिहार में व्यापक जनसमर्थन से महागठबंधन की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि युवा नेतृत्व में नई ऊर्जा, नए संकल्प के साथ बिहार का नवनिर्माण संभव हो सकेगा। संवाददाता सम्मेलन में लालगंज विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक केदार प्रसाद, मुजफ्फरपुर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरविंद कुमार मुकुल, कांग्रेस के जिला प्रवक्ता वेद प्रकाश मौजूद थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0