सावन में मां तारापीठ पहुंचे भाजपा नेताओं ने की पूजा-अर्चना, प्रदेश व देश की सुख-समृद्धि की कामना
गयाजी । सावन मास के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजेंद्र प्रसाद अधिवक्ता, प्रमोद कुमार, मंटू कुमार एवं बबलू गुप्ता ने पश्चिम बंगाल स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां तारापीठ पहुंचकर विधि-विधान से मां तारा की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश एवं देशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मां तारा के दर्शन के उपरांत डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव एवं आदिशक्ति की आराधना का विशेष समय माना जाता है। ऐसे पावन अवसर पर मां तारापीठ में दर्शन एवं पूजा का सौभाग्य प्राप्त होना अत्यंत आनंद और सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि मां तारा अपने भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करने वाली हैं तथा जो भी श्रद्धा और विश्वास के साथ उनके दरबार में आता है, वह उनकी असीम कृपा का पात्र बनता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपराओं के प्रति श्रद्धा रखनी चाहिए तथा धार्मिक स्थलों पर जाकर ईश्वर की आराधना करते हुए समाज में प्रेम, सद्भाव और सेवा की भावना को बढ़ावा देना चाहिए। मां तारा का आशीर्वाद समस्त मानव जाति के लिए कल्याणकारी है। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजेंद्र प्रसाद अधिवक्ता ने भी मां तारा के चरणों में नमन करते हुए प्रदेश की उन्नति, समाज में सुख-शांति तथा सभी नागरिकों के उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि मां की कृपा से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और प्रत्येक व्यक्ति को धर्म एवं मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0









