श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के सौजन्य से 21 कन्याओं का आदर्श सामूहिक विवाह 21 मार्च को

स्वामी सदानंद जी महाराज के सानिध्य में होगा विवाह संपन्न

श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के सौजन्य से 21 कन्याओं का आदर्श सामूहिक विवाह 21 मार्च को

रांची। संत शिरोमणि स्वामी सदानंद जी महाराज द्वारा संचालित एमआरएस श्रीकृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट, रांची और स्वामी सदानंद प्रणामी चैरिटेबल ट्रस्ट, नई दिल्ली की रांची शाखा के संयुक्त तत्वावधान में 21 मार्च को हरमू रोड स्थित मारवाड़ी भवन परिसर में 21 कन्याओं का सामूहिक विवाह कराया जाएगा। इस संबंध में संस्था की ओर से मारवाड़ी भवन प्रांगण में शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में ट्रस्ट के सचिव मनोज चौधरी ने संवाददाताओं को बताया कि अब तक संस्था के माध्यम से लगभग 6000 निर्धन कन्याओं का विवाह कराया जा चुका है। गुरु जी के सानिध्य में आदर्श विवाह वर्ष 2005 से संपन्न कराया जा रहा है। प्रतिवर्ष लगभग 500 कन्याओं का विवाह गुरुजी के शिष्यों के माध्यम से कराया जाता है। उन्होंने बताया कि स्वामी सदानंद जी महाराज के सानिध्य में अब तक रांची में 622 कन्याओं का विवाह विधिवत संपन्न कराया गया। इस बार भी संस्था द्वारा 21जोड़ों को पारिवारिक दिनचर्या की सामग्री संस्था की ओर से दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि संस्था की ओर से विभिन्न प्रकार के सेवाकार्य संचालित किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि 21 मार्च को होने वाले सामूहिक विवाह कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के समन्वय मंच की ओर से जोड़ों को एकत्रित करने का कार्य किया गया है। सामूहिक विवाह कार्यक्रम में स्वामी सदानंद जी महाराज शामिल होंगे। इस अवसर पर शिष्यों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विवाह कार्य आचार्य शंकर लाल शास्त्री, गौरव शास्त्री और उनके सहयोगियों द्वारा संपन्न कराया जाएगा। आदर्श सामूहिक विवाह समाज के लोगों और धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के सदस्यों के सहयोग से संपन्न कराया जाता है। श्री चौधरी ने बताया कि सामूहिक विवाह सहित अन्य सेवा कार्यों में संस्था के शिव भगवान अग्रवाल,पूरणमल सर्राफ, सज्जन पाडिया, प्रमोद सारस्वत, ओम प्रकाश सरावगी,जय प्रकाश मित्तल, विजय जालान, नंदकिशोर चौधरी, चिरंजी लाल खंडेलवाल, सुरेश चौधरी, विष्णु सोनी, अमित पोद्दार, अशोक लाठ, सुनील पोद्दार, महिला समिति की विद्या देवी अग्रवाल, संतोष देवी अग्रवाल, सुनीता अग्रवाल, विमला जालान, शोभा जालान, कविता गाड़ोदिया, ललिता पोद्दार, चंदा देवी अग्रवाल,उर्मिला पाडिया, सुमन चौधरी, कविता चौधरी सहित काफी संख्या में संस्था के सदस्यगणों का महत्वपूर्ण सहयोग रहता है।
संवाददाता सम्मेलन में संस्था के संरक्षक बसंत गौतम, अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, राजेंद्र अग्रवाल निर्मल जालान, मनोज चौधरी सहित अन्य मौजूद थे।