तेजस राजधानी एक्सप्रेस से 17.749 किलो गांजा बरामद, एक गिरफ्तार, ऑपरेशन नार्कोस के तहत गया रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ, जीआरपी व सीपीडीएस की संयुक्त कार्रवाई
गयाजी। ऑपरेशन नार्कोस के तहत गया रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ, जीआरपी एवं सीपीडीएस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 17.749 किलोग्राम गांजा बरामद किया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 8 लाख 87 हजार 450 रुपये बताई गई है। मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 16 सितंबर की रात गया रेलवे स्टेशन क्षेत्र में आरपीएफ पोस्ट गया, अपराध आसूचना शाखा, राजकीय रेल थाना गया एवं सीपीडीएस की संयुक्त टीम द्वारा गश्ती और निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गाड़ी संख्या 22811 अप तेजस राजधानी एक्सप्रेस से गांजा ले जाया जा रहा है।
ट्रेन के गया रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर करीब 22:20 बजे पहुंचने पर टीम ने कोच संख्या-9 की बर्थ संख्या-21 पर बैठे यात्री से पूछताछ की। यात्री ने अपना नाम मनोज कुमार वर्णवाल (47 वर्ष), पिता-अच्छे लाल, निवासी कैमाशिकोह, पटना सिटी, जिला पटना बताया।
तलाशी के दौरान उसके झोला, हैंडबैग एवं ट्रॉली बैग से 17 पैकेट गांजा बरामद हुआ। गांजे का कुल वजन टेप सहित 17.749 किलोग्राम पाया गया। इसके अलावा उसके पास से एक मोबाइल फोन, आधार कार्ड और यात्रा टिकट भी बरामद किया गया।
कार्रवाई के दौरान सहायक सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ गया संजय कुमार सिंह भी घटनास्थल पर मौजूद रहे। विधिवत कार्रवाई के बाद रात 00:50 बजे मनोज कुमार वर्णवाल को गिरफ्तार किया गया। बरामद गांजा, मोबाइल एवं आवश्यक कागजात सहित गिरफ्तार आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए राजकीय रेल थाना गया को सुपुर्द कर दिया गया।