'विष्णुगढ़ कांड के आरोपियों की 2 अप्रैल तक हो गिरफ्तारी...नहीं तो 3 अप्रैल को झारखंड बंद', बीजेपी का अल्टीमेटम

प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि 2 अप्रैल तक अगर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो 3 अप्रैल को झारखंड बंद रहेगा।

Mar 30, 2026 - 18:36
'विष्णुगढ़ कांड के आरोपियों की 2 अप्रैल तक हो गिरफ्तारी...नहीं तो 3 अप्रैल को झारखंड बंद', बीजेपी का अल्टीमेटम

Jharkhand bandh : हजारीबाग की बिटिया को न्याय दिलाने की मांग को लेकर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। विष्णुगढ़ में नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या के मामले में झारखंड बीजेपी ने हजारीबाग बंद के बाद अब झारखंड बंद का भी अल्टीमेटम दे दिया है।

बीजेपी का अल्टीमेटम

सोमवार को पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि 2 अप्रैल तक अगर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो 3 अप्रैल को झारखंड बंद रहेगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर यह निर्णय लिया गया है। प्रतुल शाहदेव ने दो टूक अंदाज में कहा कि प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के कड़े निर्देश पर यह फैसला लिया गया है। पार्टी का मानना है कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और मासूम बेटियों की सुरक्षा राम भरोसे है। उन्होंने आरोप लगाया है कि सरकार ने मामले में कोई संवेदनशीलता नहीं दिखाई है।

उनका कहना था कि मृत बच्ची के पिता महाराष्ट्र में मजदूरी करते हैं। उनके पिता के लिए बीजेपी ने ही महाराष्ट्र से रांची का टिकट कराया ताकि वह अंतिम संस्कार में शामिल हो सके। उन्होंने कहा कि अगर सरकार शीश महल से ध्यान हटाकर नागरिकों की सुरक्षा पर लगाती तो आज यह स्थिति नहीं होती।

30 मार्च को बंद रहा हजारीबाग

गौरतलब है कि इस मामले को लेकर भाजपा ने 30 मार्च को हजारीबाग बंद की घोषणा की थी। हजारीबाग में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह प्रदर्शन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए नारेबाजी की। साथ ही मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी गई

"जल्द गिरफ्त में होंगे आरोपी"

इधर, घटना को लेकर झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने हजारीबाग का दौरा किया। उन्होंने घटना की जानकारी ली और पीड़ित परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि पुलिस जल्द मामले का खुलासा करेगी और आरोपी पकड़े जाएंगे। 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0