महिला आरक्षण बिल पर गरमाया झारखण्ड का सियासी पारा, बीजेपी ने 'रावण' से की विरोधी दलों की तुलना
उन्होंने एक पौराणिक उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे रावण ने माता सीता का हरण किया था और अंत में उसका साम्राज्य नष्ट हो गया, उसी तरह इस विधेयक के साथ छल करने का परिणाम भी विपक्षी दलों को भुगतना पड़ेगा।
BOKARO : महिला आरक्षण बिल को लेकर देश का सियासी पारा गरमाया हुआ है। लोकसभा में महिला आरक्षण संशोधन बिल गिरने के बाद भारतीय जनता पार्टी विपक्षी दलों पर लगातार हमला कर रही है। इसी कड़ी में भाजपा नेताओं द्वारा अलग-अलग जिलों में प्रेस वार्ता कर रही है। बोकारो सर्किट हाउस में भी राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने इस मुद्दे पर मीडिया से बातचीत की और विपक्षी दलों पर गंभीर आरोप लगाए।
कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा पर हमला
मीडिया से बातचीत के दौरान दीपक प्रकाश ने कहा कि कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की नीयत साफ नहीं है। उनके मुताबिक ये दल सामान्य वर्ग की महिलाओं के हितों के खिलाफ काम कर रहे हैं और केवल अपने परिवार की महिलाओं को आगे बढ़ाने की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस चाहती है कि महिला आरक्षण का फायदा सिर्फ उनके परिवार की महिलाओं जैसे प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी को मिले।
समाजवादी पार्टी पर भी निशाना
साथ ही उन्होंने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी महिलाओं के अधिकारों की बात तो करती है लेकिन यह स्पष्ट नहीं करती कि आरक्षण का लाभ वास्तव में किन महिलाओं तक पहुंचेगा। इसी तरह झारखंड मुक्ति मोर्चा पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि वह भी महिला आरक्षण के समर्थन में दिखती है, लेकिन उसका उद्देश्य अपने परिवार की महिलाओं, खासकर कल्पना सोरेन को लाभ दिलाना है।
परिवारवाद की राजनीति
दीपक प्रकाश ने कहा कि विपक्षी दल आम और साधारण महिलाओं को पीछे छोड़कर परिवारवाद की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इन दलों ने जानबूझकर महिला आरक्षण विधेयक को कमजोर करने और गिराने की कोशिश की है।
विपक्षी दलों को भुगतना पड़ेगा
अपने बयान में उन्होंने एक पौराणिक उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे रावण ने माता सीता का हरण किया था और अंत में उसका साम्राज्य नष्ट हो गया, उसी तरह इस विधेयक के साथ छल करने का परिणाम भी विपक्षी दलों को भुगतना पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनावों में महिलाओं का गुस्सा कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के खिलाफ दिखाई देगा और इसका राजनीतिक नुकसान उन्हें उठाना पड़ेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











