निगरानी की बड़ी कार्रवाई, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के बड़ा बाबू 10 हजार रुपये घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

बड़ा बाबू रवि कुमार चतुर्वेदी ने अपने ही विभाग के एक सेवानिवृत्त स्वास्थ्य कर्मी भरत ठाकुर से उनके जीपीएफ (GPF) और अन्य बकाये लाभों के भुगतान के बदले रिश्वत की मांग की थी।

Mar 17, 2026 - 16:59
निगरानी की बड़ी कार्रवाई, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के बड़ा बाबू 10 हजार रुपये घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

MOTIHARI : निगरानी विभाग की टीम ने मोतिहारी में बड़ी कार्रवाई की है और कल्याणपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) के बड़ा बाबू (प्रधान लिपिक) रवि कुमार चतुर्वेदी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोचा है। यह कार्रवाई स्वास्थ्य केंद्र परिसर के पास ही की गई, जिससे इलाके के सरकारी महकमों में हड़कंप मच गया है। 

बड़ा बाबू 10 हजार रुपये घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

बताया जा रहा है कि बड़ा बाबू रवि कुमार चतुर्वेदी ने अपने ही विभाग के एक सेवानिवृत्त स्वास्थ्य कर्मी भरत ठाकुर से उनके जीपीएफ (GPF) और अन्य बकाये लाभों के भुगतान के बदले रिश्वत की मांग की थी। बताया जा रहा है कि आरोपी ने कुल राशि का 2 प्रतिशत बतौर कमीशन मांगा था। रिटायर्ड कर्मी ने इसकी शिकायत निगरानी विभाग से की थी, जिसके बाद मामले की सत्यता जांचने के बाद जाल बिछाया गया।

निगरानी विभाग के डीएसपी विप्लव कुमार के नेतृत्व में गठित एक विशेष टीम ने मंगलवार को इस छापेमारी को अंजाम दिया। जैसे ही पीड़ित भरत ठाकुर ने घूस की पहली किस्त के रूप में 10 हजार रुपये आरोपी रवि कुमार चतुर्वेदी को थमाए, वैसे ही पहले से घात लगाकर बैठी निगरानी की टीम ने उन्हें दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के पास से रिश्वत की रंगी हुई नकदी बरामद कर ली गई है।

निगरानी डीएसपी विप्लव कुमार ने बताया कि विभाग को भ्रष्टाचार की पुख्ता शिकायत मिली थी, जिस पर त्वरित कार्रवाई की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर पटना लाया जा रहा है, जहां विशेष निगरानी कोर्ट में उन्हें पेश किया जाएगा। इस घटना के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0