"कांग्रेस के 'राजकुमार' लगाएंगे हार का शतक", असम में PM मोदी की दहाड़, कहा : यहां जीत की हैट्रिक लगनी तय 

पीएम मोदी ने बताया कि ब्रह्मपुत्र नदी के नीचे सड़क और रेल सुरंग बनाई जा रही है, जिससे कनेक्टिविटी बेहतर होगी और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

Apr 1, 2026 - 16:46
Apr 1, 2026 - 16:46
"कांग्रेस के 'राजकुमार' लगाएंगे हार का शतक", असम में PM मोदी की दहाड़, कहा : यहां जीत की हैट्रिक लगनी तय 

NEWS DESK : देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने असम में चुनावी रैली का श्रीगणेश कर दिया। बुधवार को पीएम मोदी ने धेमाजी जिले के गोगामुख में अपनी पहली चुनावी जनसभा को संबोधित किया और भाजपा उम्मीदवार रनोज पेगू और नबा कुमार डोले के पक्ष में जनता से वोट मांगा। 

इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम में पहली चुनावी रैली को संबोधित करते हुए विकास कार्यों को गिनाया और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने भाजपा-एनडीए की जीत का भरोसा जताया और असम को बाढ़ मुक्त, तकनीकी हब और विकसित राज्य बनाने का वादा किया। 

"कांग्रेस के 'राजकुमार' लगाएंगे हार का शतक"

इसके बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि असम के चुनाव की घोषणा के बाद ये मेरी पहली जनसभा है। लोगों की यह भारी भीड़ तीसरी बार जीत का पक्का सबूत है। प्रधानमंत्री ने बताया कि जनता के आशीर्वाद से उन्होंने प्रधानमंत्री बनने की हैट्रिक पूरी की है। अब असम में भी भाजपा-एनडीए की जीत की हैट्रिक लगेगी। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह चुनाव विकसित असम और विकसित भारत बनाने के लिए है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी तीसरी हार तय है। कांग्रेस के 'राजकुमार' हार का शतक लगाएंगे। उन्होंने सर्वानंद सोनोवाल और हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व में हुए 10 साल के विकास कार्यों की भी तारीफ की।

इसके साथ ही पीएम मोदी ने अपने संबोधन के दौरान असम के विकास के लिए अपना रोडमैप साझा किया। उन्होंने कहा कि असम को बाढ़ से बचाने के लिए सरकार ने 18,000 करोड़ रुपये से अधिक का 'बाढ़ मुक्त असम मिशन' शुरू किया है। इसके तहत आधुनिक तटबंध बनाने पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले असम में बम और हिंसा का माहौल था लेकिन भाजपा सरकार के आने के बाद हजारों युवाओं ने हथियार छोड़कर मुख्यधारा को अपना लिया है।

घुसपैठ और अवैध कब्जे का मुद्दा उठाया

पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने वोट बैंक के लिए अवैध घुसपैठियों को बढ़ावा दिया और जमीन पर अवैध कब्जों को नजरअंदाज किया। उन्होंने कहा कि इससे असम की लाखों बीघा जमीन प्रभावित हुई।

कांग्रेस को बताया विकास विरोधी

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस विकास विरोधी पार्टी है और आजाद भारत में भ्रष्टाचार की जननी रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने असम के जंगलों, अभयारण्यों और वन्यजीवों को भी नुकसान पहुंचाया।

भूपेन हजारिका का जिक्र

उन्होंने भूपेन हजारिका का जिक्र करते हुए कहा कि असम की जनता उनके अपमान को नहीं भूली है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने उन्हें भारत रत्न देकर सम्मानित किया।

इंफ्रास्ट्रक्चर और रोजगार पर जोर

प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित असम के निर्माण में बेहतर सड़कों, पुलों और रेल कनेक्टिविटी की अहम भूमिका है। इससे खेती, उद्योग और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

ब्रह्मपुत्र के नीचे सुरंग परियोजना का जिक्र

पीएम मोदी ने बताया कि ब्रह्मपुत्र नदी के नीचे सड़क और रेल सुरंग बनाई जा रही है, जिससे कनेक्टिविटी बेहतर होगी और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0