पटना के दो नामी स्कूलों पर केस, CBSE बोर्ड के नाम पर कर रहे थे बड़ा फर्जीवाड़ा
जांच के दौरान यह सामने आया कि स्कूलों के कई होर्डिंग्स और विज्ञापनों में ‘CBSE, Delhi’ लिखा हुआ था, जिससे ऐसा लग रहा था कि स्कूल बोर्ड से मान्यता प्राप्त हैं, जबकि वास्तव में इन स्कूलों को CBSE से कोई संबद्धता नहीं मिली थी।
PATNA : बिहार की राजधानी पटना में CBSE की मान्यता के नाम पर फर्जीवाड़े का बड़ा मामला सामने आया है। इस खुलासे के बाद दो निजी स्कूलों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, जिससे शिक्षा जगत में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (CBSE) के क्षेत्रीय कार्यालय की शिकायत पर सेंट पॉल्स इंटरनेशनल स्कूल, साधनापुरी और सेंट पॉल्स इंटरनेशनल हाई स्कूल, पुलिस कॉलोनी के खिलाफ गर्दनीबाग थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। बताया जा रहा है कि इन स्कूलों पर CBSE की मान्यता का गलत इस्तेमाल करने का आरोप लगा है। शिकायत मिलने के बाद CBSE ने एक जांच समिति बनाकर दोनों स्कूलों का औचक निरीक्षण किया।
जांच के दौरान यह सामने आया कि स्कूलों के कई होर्डिंग्स और विज्ञापनों में ‘CBSE, Delhi’ लिखा हुआ था, जिससे ऐसा लग रहा था कि स्कूल बोर्ड से मान्यता प्राप्त हैं, जबकि वास्तव में इन स्कूलों को CBSE से कोई संबद्धता नहीं मिली थी। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि इन स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों का पंजीकरण CBSE परीक्षा के लिए किसी दूसरे संबद्ध स्कूल के माध्यम से कराया जा रहा था। इससे अभिभावकों और छात्रों को यह भ्रम हो रहा था कि स्कूल खुद CBSE से संबद्ध हैं।
सूत्रों के अनुसार बिहार के कई अन्य जिलों में भी इसी तरह के फर्जी CBSE संबद्धता वाले स्कूलों का मामला सामने आ सकता है। शिक्षा विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों का नामांकन कराने से पहले स्कूल की मान्यता जरूर जांच लें। इसके लिए CBSE की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर स्कूल की संबद्धता की जानकारी देखी जा सकती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











