पितृपक्ष में पुण्य के साथ स्वच्छता का संदेश, फल्गु तट पर उतरे एनसीसी कैडेट

6 बिहार बटालियन एनसीसी ने गांधी जयंती पर चलाया स्वच्छता अभियान, स्वच्छ फल्गु हमारी जिम्मेदारी, एनसीसी कैडेट बदलाव के वाहक : कर्नल पंकज

Oct 2, 2026 - 19:49
पितृपक्ष में पुण्य के साथ स्वच्छता का संदेश, फल्गु तट पर उतरे एनसीसी कैडेट

गयाजी। गांधी जयंती के अवसर पर विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेले के बीच 6 बिहार बटालियन एनसीसी, गयाजी की ओर से फल्गु नदी तट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। पुनीत सागर अभियान एवं स्वच्छ भारत अभियान के तहत एनसीसी कैडेटों ने घाटों, नदी तट और श्रद्धालुओं के आने-जाने वाले मार्गों की साफ-सफाई की। कैडेटों ने नदी तट से प्लास्टिक और अन्य कचरा एकत्र कर लोगों को ‘मेरा कचरा, मेरी जिम्मेदारी’ का संदेश दिया। साथ ही श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से फल्गु नदी एवं उसके घाटों को स्वच्छ रखने की अपील की। इस अवसर पर कर्नल पंकज कुमार, कीर्ति चक्र ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि इसे अपनी आदत और जिम्मेदारी बनाना जरूरी है। जिस तरह हम अपने घर को स्वच्छ रखते हैं, उसी तरह पवित्र फल्गु नदी को स्वच्छ रखना भी हमारा दायित्व है। एनसीसी कैडेट समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ भविष्य के जिम्मेदार नागरिक तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। वर्दी में कैडेटों को स्वच्छता अभियान चलाते देख कई श्रद्धालु भी उनसे जुड़ गए और सफाई अभियान में सहयोग किया। इससे अभियान जनभागीदारी का रूप ले गया। अभियान के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया गया कि पिंडदान से पितरों को शांति और स्वच्छता से आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य मिलता है। इस मौके पर हवलदार नरेंद्र चाहर, हवलदार अमित कुमार, हवलदार योगेंद्र, हवलदार सीताराम, हवलदार अमित सिंह एवं हवलदार ए.के. पांडेय सहित एनसीसी के कैडेट मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0