पानी से भरे गहरे गड्ढे में पलटी मजदूरों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली, 3 महिलाओं की मौत

Jul 14, 2026 - 18:03
पानी से भरे गहरे गड्ढे में पलटी मजदूरों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली, 3 महिलाओं की मौत

ARARIA : बिहार के अररिया से एक दुखद खबर सामने आई है. जहां एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. जिले के भरगामा प्रखंड स्थित सिरसिया हनुमानगंज वार्ड संख्या-14 में ब्रेक फेल होने से मजदूरों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली अचानक पानी से भरे गड्ढे में पलट गई. इस दर्दनाक हादसे में 3 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए.

धान रोपनी को जा रहे थे

हादसे को लेकर बताया जा रहा है कि घटना के समय ट्रैक्टर ट्रॉली पर कुल 25 मजदूर सवार थे. सभी मजदूर सुबह के समय धान की रोपनी करने के लिए खेत की तरफ जा रहे थे. हादसे का शिकार हुई मृतक महिलाओं की पहचान स्थानीय निवासी मीरा देवी, नैना देवी और रंजू देवी के रूप में की गई है.

संतुलन बिगड़ने से दुर्घटना

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह लगभग 8 बजे सभी मजदूर ट्रैक्टर पर सवार होकर खेत जा रहे थे. हनुमानगंज के पास अचानक ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पानी से भरे गहरे गड्ढे में पलट गया. हादसे के बाद ट्रैक्टर में सवार महिलाएं ट्रॉली के नीचे पूरी तरह दब गई थीं.

अस्पताल में तोड़ा दम

ट्रॉली के नीचे दबने से दो महिलाओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. एक अन्य महिला को गंभीर हालत में इलाज के लिए तुरंत अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. फिलहाल बाकी घायलों का इलाज जारी है.

ग्रामीणों का राहत अभियान

घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस की टीम भी मौके पर पहुंची. सभी घायलों को बाहर निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भरगामा भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. स्थानीय लोगों के अनुसार ट्रैक्टर अनियंत्रित होने के कारण गड्ढे में पलटा, जो बारिश के पानी से भरा हुआ था और वहां मोड़ भी है.

मामले की जानकारी देते हुए अंचल अधिकारी पूजा कुमारी ने बताया कि ट्रैक्टर से यह लोग खेत में धान रोपने के लिए जा रहे थे तभी रास्ते में यह घटना हुई. हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और अब तक छह से सात लोगों के घायल होने की बात सामने आई है. फिलहाल घटना के सभी पहलूओं की जांच की जा रही है.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0