गर्मी-बारिश में भी डटे रहे सफाई कर्मी, नगर निगम ने 31 कर्मियों को किया सम्मानित
गयाजी। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत गया नगर निगम की ओर से रविवार को नगर निगम कार्यालय में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 31 सफाई कर्मियों को सम्मानित किया गया। इनमें 12 महिला और 19 पुरुष सफाई कर्मी शामिल रहे। कार्यक्रम में मेयर डॉ. वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान, सशक्त स्थायी समिति के सदस्य अखौरी ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव और नगर आयुक्त डॉ. गगन कुमार ने सफाई कर्मियों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया। मेयर गणेश पासवान ने कहा कि सफाई कर्मियों की सेवा मानवता की सेवा है। गर्मी, बारिश और प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद वे लगातार शहर की स्वच्छता के लिए कार्य करते हैं। कोरोना काल में भी सफाई कर्मियों ने योद्धाओं की तरह अपनी जिम्मेदारी निभाई थी। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मियों की मेहनत और योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।उन्होंने कहा कि सफाई कर्मियों के अथक प्रयासों का परिणाम है कि गया नगर निगम को स्वच्छता के क्षेत्र में बिहार में लगातार तीन बार पहला स्थान प्राप्त हुआ है। उन्होंने सभी सफाई योद्धाओं से इसी तरह जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील की। सशक्त स्थायी समिति सदस्य मोहन श्रीवास्तव ने भी सफाई कर्मियों के कार्यों की सराहना की। नगर आयुक्त डॉ. गगन कुमार ने कहा कि ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तीसरे दिन सफाई कर्मियों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया गया है। स्वच्छ और स्वस्थ गयाजी के निर्माण में उनका योगदान अतुलनीय है। इस दौरान स्वच्छता पदाधिकारी चंदन कुमार, शुभम कुमार, चन्द्र मोहन उर्फ चिंटू सहित अन्य मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

