JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी को लेकर बाबूलाल ने राज्य सरकार पर साधा निशाना, CBI जांच की मांग

Aug 1, 2026 - 17:24
JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी को लेकर बाबूलाल ने राज्य सरकार पर साधा निशाना, CBI जांच की मांग

DEOGHAR : झारखण्ड के प्रथम मुख्यमंत्री और झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी शनिवार को देवघर पहुंचे. देवघर एयरपोर्ट पर बाबूलाल ने मीडिया से बातचीत की. इस दौरान उन्होंने JPSC और JSSC परीक्षाओं में गड़बड़ी को लेकर उठ रहे सवाल को लेकर राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा.

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि झारखंड में JPSC और JSSC जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं में लगातार गड़बड़ियां सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार केवल लीपापोती करने में लगी हुई है. उन्होंने कहा कि यदि किसी परीक्षा में अनियमितता सामने आती है तो सरकार को निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई करनी चाहिए.

उन्होंने NEET परीक्षा का उदाहरण देते हुए कहा कि जब उसमें गड़बड़ी की शिकायतें सामने आई थीं, तब केंद्र सरकार ने नियमों के तहत कार्रवाई की और पेपर लीक के खिलाफ कड़े कानून तक बनाए. साथ ही मामले में शामिल लोगों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है.

बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में समय पर परिणाम जारी नहीं होते, OMR शीट सार्वजनिक नहीं की जाती और पेपर लीक जैसी गंभीर शिकायतें सामने आने के बावजूद राज्य सरकार जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं कर रही है.

उन्होंने दावा किया कि अभ्यर्थियों को बिहार, नेपाल और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में ले जाकर परीक्षा से पहले उत्तर तैयार कराए जाने जैसी शिकायतें भी सामने आई हैं. इसके बावजूद सरकार कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है.

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा शुरू से ही पूरे मामले की CBI जांच कराने की मांग करती रही है. उन्होंने मांग की कि JPSC के प्रत्येक जिम्मेदार कर्मचारी और पदाधिकारी के खिलाफ FIR दर्ज कर निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराई जाए, ताकि परीक्षा प्रणाली में अभ्यर्थियों का विश्वास बहाल हो सके.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0