बेगूसराय बस स्टैंड में सुबह-सुबह फायरिंग, दो लोग घायल; बाइक सवार बदमाशों ने किया हमला
बेगूसराय: नगर थाना क्षेत्र के बस स्टैंड में बुधवार सुबह बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलीबारी में दो लोग घायल हो गए। घायलों की पहचान गाछी टोला निवासी मनोज पासवान और फल विक्रेता अर्जुन साह के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बेगूसराय: नगर थाना क्षेत्र के बस स्टैंड में बुधवार सुबह बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलीबारी में दो लोग घायल हो गए। घायलों की पहचान गाछी टोला निवासी मनोज पासवान और फल विक्रेता अर्जुन साह के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 5:30 बजे मनोज पासवान घर से निकलकर बस स्टैंड के पास एक चाय की दुकान पर रुके थे। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश वहां पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोली मनोज पासवान की जांघ में लगी। वहीं, पास में अपनी फल की दुकान खोल रहे फल विक्रेता अर्जुन साह भी गोली की चपेट में आ गए।
फायरिंग के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दोनों घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां एक का निजी अस्पताल और दूसरे का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि मनोज पासवान जमीन और फल का कारोबार भी करते हैं और पुलिस रिकॉर्ड में उनका आपराधिक इतिहास रहा है। घटना के बाद बदमाशों ने मनोज पासवान का पीछा करते हुए रास्ते में भी फायरिंग की। घायल मनोज पासवान ने बताया कि वह हमलावरों को नहीं पहचानते हैं और उन्हें किसी तरह के विवाद की जानकारी नहीं है।
घटना की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी प्रशांत कुमार और नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखे बरामद किए हैं। वहीं, घटना में शामिल बाइक सवार बदमाशों की तस्वीर सामने आने की बात भी कही जा रही है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने मनोज पासवान को निशाना बनाकर हमला किया था, लेकिन फायरिंग की चपेट में फल विक्रेता अर्जुन साह भी आ गए। हालांकि, हमले की वास्तविक वजह क्या है, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







