बिहार के 600 करोड़ के इस पुल में आई 9 इंच की दरार, मचा हड़कंप, मौके पर पहुंचे DM, जांच के लिए विशेषज्ञ टीम तलब
GOPALGANJ : गोपालगंज और बेतिया को जोड़ने वाले यादोपुर-मंगलपुर महासेतु में बड़ा तकनीकी खतरा सामने आया है। पुल के पिलर नंबर-5 के पास स्पैन में 7 से 9 इंच तक का गैप दिखाई देने के बाद प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भारी वाहनों की आवाजाही तत्काल रोक दी गई है।
शनिवार को गोपालगंज के डीएम पवन कुमार सिन्हा खुद मौके पर पहुंचे और अभियंताओं के साथ पुल का निरीक्षण किया। अधिकारियों के मुताबिक पुल के स्पैन में एक्सपेंशन होने की वजह से यह गैप बना है। प्रशासन का कहना है कि एहतियात के तौर पर भारी वाहनों को रोका गया है ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
घटना की रिपोर्ट पटना भेजी गई
गोपालगंज के डीएम पवन कुमार सिन्हा ने इस घटना की रिपोर्ट तुरंत पटना भेज दी है। NIT और IITकी विशेषज्ञ टीम को निरीक्षण के लिए बुलाया गया है। विशेषज्ञों के आने के बाद पुल की पूरी जांच की जाएगी और सुरक्षा के लिए जो भी कदम जरूरी होंगे, उठाए जाएंगे। डीएम ने बाढ़ पूर्व तैयारियों के साथ-साथ इस महासेतु की मरम्मत को भी प्राथमिकता देने की बात कही।
600 करोड़ की लागत वाला है पुल
बता दें कि यादोपुर-मंगलपुर महासेतु वर्ष 2016 में करीब 550 से 600 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार हुआ था। इस पुल ने गोपालगंज और पश्चिम चंपारण के दियारा इलाकों को जोड़कर क्षेत्र में विकास की नई गति दी थी। पहले गोपालगंज से बेतिया की दूरी 135 किलोमीटर थी, जो इस महासेतु के बनने के बाद मात्र 50 किलोमीटर रह गई। सैकड़ों गांवों के लिए यह लाइफ लाइन साबित हुआ।
हालांकि, इस गैप की घटना से पुल की गुणवत्ता और रखरखाव पर सवाल उठने लगे हैं। कुछ दिन पहले भागलपुर के विक्रमशिला सेतु में पिलर ढहने की घटना भी हो चुकी है, जिससे तुलना की जा रही है। स्थानीय लोग पुल की जल्द मरम्मत की मांग कर रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











