पूर्व CM शिबू सोरेन के निजी सचिव रहे विवेक राउत के आवास पर वन विभाग की छापेमारी, स्थानीय लोगों का हंगामा

Jul 18, 2026 - 18:38
पूर्व CM शिबू सोरेन के निजी सचिव रहे विवेक राउत के आवास पर वन विभाग की छापेमारी, स्थानीय लोगों का हंगामा

DUMKA : वन विभाग की टीम ने शनिवार को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के पूर्व निजी सचिव विवेकानंद राउत उर्फ ​​विवेक राउत के दुमका के महुआ डंगाल इलाके में स्थित आवास पर छापेमारी की. इस छापेमारी का नेतृत्व IFS ट्रेनी पुष्कर काले कर रहे थे. वन विभाग की टीम विवेक राउत के भतीजे पंकज राउत की गिरफ्तारी के लिए आई थी. पंकज राउत तो नहीं मिला पर इस कार्रवाई के विरोध में आसपास के लोगों ने जमकर हंगामा किया.

घंटों तक चली कार्रवाई

शनिवार सुबह-सुबह वन विभाग की टीम झारखंड पुलिस को लेकर विवेक राउत के घर पहुंच गई. छापेमारी की खबर सुनकर काफी संख्या में आसपास के लोग एकत्रित हो गए. जिसमें दुमका जिला परिषद की सदस्य चिंता देवी भी शामिल थीं. लोग मुख्य गेट के सामने खड़े हो गए. 

लोगों ने पुलिस से पूछा कि पहले कार्रवाई का कारण बताया जाए कि यह कार्रवाई क्यों हो रही है. लेकिन वन विभाग की टीम कुछ भी बताने के लिए तैयार नहीं थी. वन विभाग के कर्मी घर का ताला तोड़ना चाहते थे लेकिन लोग कारण बताने की जिद पर अड़ गए. लगभग एक डेढ़ घंटे तक बहस चलने के बाद यह तय हुआ कि टीम के कुछ लोग अंदर जाकर सर्च करेंगे. वन अधिकारी पुष्कर काले अपने बॉडीगार्ड और महिला पुलिस को लेकर अंदर गए और लगभग 10 मिनट के बाद बाहर निकले.

बाहर निकलते ही हुआ हंगामा

वन अधिकारी पुष्कर काले छानबीन कर बाहर निकल कर तेजी से अपनी गाड़ी की ओर बढ़े मगर आसपास के लोगों ने उन्हें घेर लिया. पुष्कर काले यह कहते हुए चले गए कि अंदर उनको कुछ नहीं मिला.

क्या कहते हैं डीएफओ

जानकारी देते हुए दुमका डीएफओ सात्विक व्यास ने बताया कि पिछले वर्ष 13 जून को रोक के बावजूद लालजी पटेल एंड कंपनी सॉ मिल के संचालन की जानकारी पाकर वन विभाग ने छापेमारी की थी. उस वक्त पंकज राउत और मिल संचालक जयपाल राउत ने वन कर्मियों के साथ अभद्रता की थी और कार्य में बाधा उत्पन्न की थी. 

जब इस केस में चार्जशीट दाखिल की गई तो उन दोनों को नामजद आरोपी बनाया गया. इसी मामले में गिरफ्तारी के लिए वन विभाग की टीम वहां पहुंची थी लेकिन पंकज राउत वहां नहीं मिला. यहां गौरतलब यह है कि पंकज राउत विवेक राउत के रिश्ते में भतीजे लगते हैं.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0